
चौथ का बरवाड़ा. चौथ माता मंदिर में बुधवार को मंगला आरती के बाद नवरात्र पूजा के लिए घट स्थापना होगी। ऐसे में मंगलवार को मंदिर में नवरात्र की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। चौथ माता ट्रस्ट कोषाध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने बताया कि नवरात्र में अनुष्ठान शुरू होंगे। इस दौरान चौथ माता गणेश के बाल स्वरूप के साथ फूल बंगला में विराजित रहेंगी। नवरात्र में आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए चौथ माता ट्रस्ट की ओर से रोशनी के पेयजल छाया तथा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए।
सवाईमाधोपुर. इसी क्रम में बांकी माता सेवा समिति के तत्वावधान में शहर के बांकी माता मंदिर में बुधवार से नवरात्र महोत्सव का आयोजन होगा। समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। भजन कीर्तन का आयोजन होगा। इसी प्रकार अरिहंत कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर पर बुधवार से दुर्गा पूजा महोत्सव होगा। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि बुधवार को सुबह सवा दस बजे मूर्ति स्थापना व दोपहर बारह बजे कीर्तन होगा। इसके अतिरिक्त नौ दिन तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान फैंसी ड्रेस, नूत्य प्रतियोगिता, डांडिया आदि कई कार्यक्रम होंगे।
पीपलदा. कस्बे सहित क्षेत्र में घटस्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र बुधवार से शुरू होंगे। इस मौके पर चामुण्डा माता, चौथमाता हनुमान, सत्यनारायण व रघुनाथ मंदिर व घरों में पाठ का आयोजन होगा।
शिवाड़. कस्बे के मां काली मन्दिर, इच्छापूर्ण हनुमान, ईसरदा स्टेशन के पास राण्या काण्या बालाजी मंदिर, टापुर मानदासजी की डूंगरी पर स्थित सीताराम मंदिर, सारसोप चामुंडा माता मंदिर में बुधवार से घट स्थापना के साथ पूजा अर्चना व अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
भगवतगढ़. नवरात्र के उपलक्ष्य में मंगलवार को मंदिरों में विशेष सजावट की गई। कस्बे के खेड़ापति बालाजी मंदिर, आदलवाड़ा बालाजी, दोबड़ा खुर्द बालाजी, इटावा बालाजी, बावड़ी वाले बालाजी, शिवकुंड, झेरा वाले बालाजी मंदिरों पर विशेष साफ-सफाई के साथ सजावट की गई। मंदिरों में बुधवार को दिनभर पूजा अर्चना व अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
माताजी की स्थापना आज
बहरावण्डा खुर्द. कस्बे में नवरात्र स्थापना के पावन पर्व पर हर वर्ष की भांति महावर मोहल्ले के मदन मोहन जी मंदिर परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना बुधवार को की जाएगी। अखिल भारतीय कोली समाज खण्डार तहसील अध्यक्ष महेश महावर एवं बहरावण्डा खुर्द कार्यकारिणी अध्यक्ष रामदयाल महावर ने बताया कि इस अवसर पर नौ दिन तक माताजी के भजनों का भरपूर आनंद उठाया जाएगा।
दिनभर चलेगा पूजा-पाठ का दौर इसी प्रकार सीमेंट फैक्ट्री के दुर्गा माता मंदिर परिसर में नवरात्रा घट स्थापना होगी। इस दौरान दिनभर पूजा-पाठ व अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।