
शिवाड़. कस्बे में छह दिवसीय महाशिवरात्रि मेले का आगाज रविवार से शुरू हो गया। पहले दिन प्रदोष पूजन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। घुश्मेश्वर धाम प्रदोषीय पूजन व दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ रही। दोपहर को घुश्मेश्वर धाम शिवाड़ में राजस्थान हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सतीश कुमार शर्मा ने भगवान घुश्मेश्वर महादेव के दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश गोवर्धन बाढ़दर ने भी घुश्मेश्वर महादेव के दर्शन व पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर खण्डार सिविल न्यायाधीश न्यायिक मजिस्ट्रेट तापस सोनी ने भी पूजा-अर्चना की। शिवाड़ घुश्मेश्वर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।
झांकियों ने मोहा मन
महाशिवरात्रि के पहले दिन झांकिया आकर्षण का केन्द्र रही। ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी कुमुद जैन ने बताया कि इशाम को घुश्मेश्वर मन्दिर से गौतम आश्रम व शिवाड़ कस्बे के मुख्य मार्ग से होती भगवान भोले नाथ की झांकी निकाली गई।
धर्म ध्वजारोहण आज
महाशिवरात्रि पर सोमवार को सोमवारीय पूजन, सुबह 11 बजे गौतम आश्रम से घुश्मेशवर महादेव की विशाल शोभायात्रा, दोपहर 1 बजे धर्म ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सम्पर्क प्रमुख शिवलहरी एवं पूर्व मंत्री मदन दिलावर होंगे। रात 8 बजे से कालरा भवन में शास्त्रीय संगीत होगा।
श्रीअरणेश्वर महादेव शिवकुंड धाम पर महाशिवरात्रि मेला शुरू
भगवतगढ़. कस्बे में स्थित श्रीअरनेश्वर महादेव मंदिर पर लगने वाले चार दिवसीय महाशिवरात्रि मेला रविवार से शुरू हुआ। ट्रस्ट के प्रवक्ता वेदप्रकाश दुसाद ने बताया कि रविवार सुबह ग्यारह बजे पंडित नन्दकिशोर शर्मा के सानिध्य में ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश कुमार मीना, ट्रस्ट कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्यों तथा ग्रामीणों ने ध्वज का पूजन करके उसे मंदिर शिखर पर चढ़ाया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव एवं ओम नम: शिवाय के जयकारों से गूंजता रहा। मेले में दुुकानदारों ने अपनी दुकानें पूरी तरह से सजा ली है। रविवार को आस-पास के गांवों से श्रद्धालुओं ने शिवकुंड धाम पर पहुंचकर भोलेनाथ के दर्शन किए।
भजन संध्या, छप्पनभोग एवं फूल बंगला झांकी आज : मेला संयोजक राजेंद्र सिंह गोहिल ने बताया कि महाशिवरात्रि का मुख्य मेला सोमवार को भरेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को भोलेनाथ की फूल बंगला एवं छप्पन भोग झांकी सजाई जाएगी। रात्रि को आठ बजे से भजन संध्या होगी। इसमें संस्कृति म्यूजिकल ग्रुप कोटा के भजन गायक भजनों की स्वर लहरियां बिखेरेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली से आए हुए झांकी कलाकार भजन संध्या के बीच-बीच में सजीव झांकियों की प्रस्तुतियां देंगे।