सवाई माधोपुर

रघुवर के तीर से खाक हुआ ‘अहंकार’

गंगापुरसिटी . असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व शुक्रवार को मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम शहर के दशहरा मैदान पर हुआ। रंगीन आतिशबाजी के बाद भगवान राम के स्वरूप ने रावण के पुतले का दहन किया। पुतला दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे जुटे। हालांकि पुतला दहन और आतिशबाजी कार्यक्रम तय समय से पहले ही कर दिए।
3 min read
gangapurcity news
रघुवर के तीर से खाक हुआ ‘अहंकार’

गंगापुरसिटी . असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व शुक्रवार को मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम शहर के दशहरा मैदान पर हुआ। रंगीन आतिशबाजी के बाद भगवान राम के स्वरूप ने रावण के पुतले का दहन किया। पुतला दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे जुटे। हालांकि पुतला दहन और आतिशबाजी कार्यक्रम तय समय से पहले ही कर दिए।


नगरपरिषद की ओर से दशहरा पर्व पर ३५ फीट का रावण के पुतले का निर्माण कराया गया। रावण वध के साथ पटाखों की आवाज के बीच जय श्रीराम से उद्घोष से दशहरा मैदान गूंज गया। इससे पूर्व नगरपरिषद की ओर से विजयादशमी के मौके पर भगवान राम की शोभायात्रा निकाली गई। बैण्डबाजों के साथ भगवान राम समेत कई मनमोहक झांकियां शोभायात्रा में शामिल रहीं। इन्हें देखने के लिए लोगों की खासी भीड़ जुटी।

शोभायात्रा में लोग भगवान राम, सीता व लक्ष्मण के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा पुरानी अनाज मण्डी से पूजा-अर्चना के साथ रवाना हुई। शोभायात्रा में राम-लक्ष्मण-सीता, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण एवं हनुमान की सजीव झांकियां सजाई गईं। शोभा यात्रा पुरानी अनाज मण्डी से शुरू होकर व्यापार मण्डल चिकित्सालय, देवी स्टोर चौराहा, तिलक बाजार, खारी बाजार, चौपड़ बाजार एवं बालाजी चौक होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। इस दौरान विधायक मानसिंह गुर्जर, पूर्व सभापति हरिप्रसाद बोहरा, विशम्भर सिंहल, मिथलेश व्यास, महेन्द्र दीक्षित एवं सत्यनारायण शर्मा आदि शोभायात्रा के साथ चल रहे थे।


नहीं पहुंचे अतिथि


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजनारायण शर्मा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता करने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु को पहुुंचना था, लेकिन वह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इस पर रावण के पुतला दहन के बाद तहसीलदार बनवारीलाल शर्मा, नगरपरिषद आयुक्त दीपक चौहान एवं एईएन नरेन्द्र गुप्ता आदि ने दशहरा मैदान पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान सभापति संगीता बौहरा एवं दर्शन सिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे।


सुरक्षा के रहे प्रबंध


दशहरा मैदान पर रावण पुतला दहन के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। इसके लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। एएसपी हिमांशु और सीओ नरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जाप्ता दशहरा मैदान पर तैनात रहा। हालांकि पुतला दहन कार्यक्रम के बाद एक साथ लोगों के बाहर निकलने के कारण जाम की स्थिति बन गई।


55 फीट लंबे पुतले का हुआ दहन


वजीरपुर . कस्बे में नवयुवक मंडल वजीरपुर के तत्वावधान में राम बारात एवं रावण पुतला दहन कार्यक्रम हुआ। मंडल अध्यक्ष राजू व्यास ने बताया कि राम बारात रघुनाथजी मंदिर से नगर परिक्रमा कर ब्राह्मण मोहल्ला, बरक जाट पट्टी होते हुए अकोदिया पट्टी से मुख्य बस स्टैंड होते हुए गौण मंडी प्रांगण पहुंची। यहां असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक के रूप में रावण पुतला दहन रात्रि 8 बजे किया गया। दशहरे के त्योहार को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के प्रबंध किए गए। रावण दहन कार्यक्रम में भाजपा नेता शांति स्वरूप मेहरवाल, थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह चौधरी, समाजसेवी भीम सिंह अकोदिया सरपंच दुलारी देवी, शेरसिंह चौधरी, जल सिंह पटेल, सीताराम मंगल, रामबाबू, रमेशचंद शर्मा, गुमान सिंह, रामेश्वर शर्मा एवं उमेशचंद शर्मा आदि मौजूद रहे। स्वागत नवयुक मंडल के पदम सिंह चौधरी, सदैव शर्मा, अनिल जाट एवं भीम सिंह वरसानिया ने किया। संचालन गुमान सिंह ने किया।

Updated on:
19 Oct 2018 09:33 pm
Published on:
19 Oct 2018 09:33 pm
Also Read
View All