
सवाईमाधोपुर. रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र में पांचोलास व बंजारा की ढाणी के बीच टै्रक्टर की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को एक निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया और शव को मोर्चरी में रखवाया। रवांजना डूंगर थानाधिकारी विनोदकुमार ने बताया कि मृतक रविन्द्र बंजारा(२०) निवासी पंाचोलास है। वह बाइक पर सवार होकर शाम पांच बजे पांचोलास से बंजारा की ढाणी की ओर सामान लेने जा रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया। घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लोगों की मदद एक निजी वाहन से गंभीर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जयपुर रैफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। रविवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इधर, घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जप्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में एक जने की मौत
खेड़ली मोड फाटक पर शुक्रवार रात सड़क हादसे में एक जने की मौत हो गई। मानटाउन थाना पुलिस ने रविवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि मृतक दिनेश मीना(२२) पुत्र रामजीलाल मीना निवासी खेड़ली, नगरफोर्ट(उनियारा) है। वह खैरदा में अपने चाचा के यहां रहता था। रात ११ बजे वह अपने दोस्त पीताराम निवासी देवरी के साथ शादी समारोह में जा रहा था। इस दौरान खेड़ली मोड़ फाटक पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दिनेश मीना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उसके दोस्त व प्रत्यक्षदर्शियों ने एम्बुलेंस 108 को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से शव को अस्पताल पहुंचाया और शव मोर्चरी में रखवाया। सुबह करीब दस बजे परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
उपचार के दौरान युवक की मौत
बहरावण्डा खुर्द. सवाईमाधोपुर-श्योपुर सड़क मार्ग पर बहरावण्डा खुर्द-दौलतपुरा गांव के बीच शुक्रवार को दो बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत में गंभीर घायल युवक ने जयपुर में उपचार के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। जयपुर से मृतक युवक को गांव लाने पर परिजनों सहित पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया। गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को बहरावण्डा खुर्द निवासी कमलेश बैरवा (30) पुत्र बजरंगलाल बैरवा अपने दो परिजनों के साथ बाइक से श्योपुर रोड पर खेतों की ओर जा रहे थे। इस दौरान बहरावण्डा खुर्द-दौलतपुरा के मध्य स्थित बिलोण्ड की पुलिया के समीप श्योपुर की ओर से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने ओवरटेक करने के प्रयास में असंतुलित होकर टक्कर मार दी। इसमें सभी बाइक सवार 5 जनों को चोटे आई। कस्बा निवासी कमलेश बैरवा को जयपुर रैफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का था। मृतक के तीन संतान हैं। मृतक भवन निर्माण मिस्त्री का कार्य करता था। परिवार के लालन पालन की जिम्मेदारी मृतक पर थी।
दो बाइक की भिड़ंत में चार घायल घायलों को सीएचसी बौंली लाए
बौंली. बौंली के अलूदा बालाजी के समीप शनिवार अपराह्न दो बाइक की भिड़ंत में चार जने घायल हो गए। घायलों में एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों को निजी वाहनों से सीएचसी बौंली लाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में एक युवक नशे में था। इसके कारण हादसा हुआ। घायलों में एक युवक को जिला अस्पताल रैफर कर दिया। परिजन बसंती लाल ने बताया कि उसके पिता व भैया भाभी मामडोली से बौंली आ रहे थे। तभी नशे में धुत्त बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में मामडोली निवासी श्योजी पुत्र कजोड़ माली, किशन पुत्र श्योजी माली, पपीता पत्नी मीठालाल व टोंक निवासी राजू पुत्र शंकर भील घायल हो गए।