
सवाईमाधोपुर. विधानसभा चुनाव के तहत मतगणना मंगलवार को राउमावि साहूनगर में शुरू हो गई है। जिले में इस बार अधिकतर सीटों की मतगणना सुर्खियां बटोरेगी। विशेष रूप से सवाईमाधोपुर सीट के परिणाम खास रहने वाले हैं। दोपहर होने तक मोटा-मोटा चुनाव परिणाम सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कड़े सुरक्षा बंदोबस्त, 500 सौ कार्मिक रखेंगे नजर
अतिरिक्त जिला कलक्टर महेन्द्रकुमार लोढ़ा ने बताया कि विधानसभा सीटों की मतगणना पर अधिकारियों और कर्मचारियों के बड़े लवाजमे की निगाह बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए पांच सौ कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में 9 लाख 13 हजार 623 मतदाताओं में से 6 लाख 16 हजार 989 ने किया। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में मतदान का औसत प्रतिशत 67.53 रहा था।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस
राउमावि साहूनगर में चारों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो रहा है। मतगणना में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा यातायात पुलिसकर्मी भी सोमवार को दिनभर वाहनों की जांच करते दिखाई दिए। पुलिस लाइन के सामने हाइवे पर जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात थे। वहीं मतगणना स्थल राउमावि साहूनगर के बाहर व इवीएम की सुरक्षा को लेकर पुलिस जाप्ता तैनात है।