विज्ञान और टेक्नोलॉजी

मोदी, इवांका के स्वागत में उतरेगा रोबो मित्र

'यह समिट हमारे इन 'मेड इन इंडिया' रोबोट को प्रदर्शित करने का सबसे बेहतर प्लैटफॉर्म है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2017, 12:51 PM IST
robo mittra

नई दिल्ली। ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप समिट जीईसी सम्मेलन हैदराबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप का स्वागत एक रोबोट 'मित्र' द्वारा किया जाएगा। इस रोबोट को बेंगलुरु में बनाया गया है। इसे बालाजी विश्वनाथन और उनकी 14 सदस्यों की टीम ने मिलकर तैयार किया है। समिट में इस तरह के दो रोबोट होंगे।

इनमें से एक स्टेज पर होगा जो कि अतिथियों से मुखातिब होगा और दूसरा जनता के बीच उनसे बातें करेगा। इस बारे में विश्वनाथन ने कहा, 'यह समिट हमारे इन 'मेड इन इंडिया' रोबोट को प्रदर्शित करने का सबसे बेहतर प्लैटफॉर्म है। विशिष्ट लोगों की उपस्थिति और सुरक्षा के मद्देनजर यह स्टेज पर भी सीमित संवाद करेगा।'

विश्वनाथन ने आगे कहा, 'जब पीएम मोदी और इवांका स्टेज पर पहुंचेगे तो 'मित्र' उनकी ओर बढ़ेगा और उनसे बातें करेगा। इसके बाद वे एक बटन दबाएंगे और 'मित्र' समिट शुरू होने की घोषणा करेगा।' वहीं दूसरा रोबोट बाकी लोगों से बातचीत करने के लिए उपलब्ध रहेगा। यह रोबोट लोगों का हालचाल जानने से लेकर गंभीर विषयों पर भी बातचीत करने में सक्षम है। कोशिश की जा रही है कि यह रोबोट ज्यादा से ज्यादा लोगों से बात करे।

फाइबर ग्लास से बने इस रोबोट की चिप और बैरिंग को बाहर से मंगाया गया है जबकि अन्य पार्ट्स अपने ही देश के हैं। विश्वनाथन ने यह भी बताया कि 'मित्र पूरे इवेंट के दौरान घूमता रहेगा और जब भी कोई इससे बात करेगा तो यह तुरंत जवाब भी दे सकेगा। इसको ऐपल की तरह 'सीरी' या अन्य ट्रिगर वर्ड्स बोलने की कोई जरूरत नहीं है। यह आवाज और चेहरा पहचान करके खुद बात करेगा।'

Published on: