सीहोर

विरोध-प्रदर्शन: भाजपा और कांग्रेस खराब फसल के मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरीं

सीहोर में जिला कांग्रेस कमेटी और इछावर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया ज्ञापन...
3 min read
• •
Updated: 30 Aug 2019, 3:50 PM IST
_compensation.jpg

सीहोर/इछावर। अतिवृष्टि के कारण खराब फसल के सर्वे और मुआवजे की मांग को लेकर सीहोर जिले में भाजपा और कांग्रेस दोनों की पार्टी सड़क पर हैं। जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेता राहुल यादव ने श्यामपुर, दोराहा के किसानों के साथ गुरुवार को कलेक्टर अजय गुप्ता के नाम डिप्टी कलेक्टर रवि वर्मा को ज्ञापन दिया, वहीं इछावर में विधायक करण सिंह वर्मा के नेतृत्व में किसान और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पर धरना देकर ज्ञापन दिया है। भाजपा विधायक करण सिंह वर्मा ने प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार सीहोर जिले में खरीफ की बोवनी करीब तीन लाख 68 हजार हेक्टेयर में की गई है। सोयाबीन की बोवनी सबसे ज्यादा करीब दो लाख 82 हजार हेक्टेयर में है। अतिवृष्टि और अफलन के कारण चौतरफा सोयाबीन की फसल बर्बाद होने की शिकायत मिल रही है।

रोज ग्रामीण क्षेत्र से खराब फसल लेकर किसान अफसरों के पास पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन ने बीमा कंपनी, कृषि विभाग और राजस्व अमले को फसल का सर्वे करने के आदेश भी दे दिए हैं, लेकिन सर्वे टीम के गांव तक नहीं पहुंचने को लेकर किसान चिंचित हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।


खेतों पर नहीं पहुंची सर्वे टीम, किसानों को कर्ज चिंता: यादव
अफलन और अतिवृष्टि से बर्बाद सोयाबीन की फसल का सर्वे कराने की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन दिया। श्यामपुर, दोराहा क्षेत्र के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी भी की।

डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष राहुल यादव ने बताया कि श्यामपुर, दोराहा तहसील के ग्राम दुरगांव, मगरदी कलां, मगरदी खुर्द, चांदबड़ जागीर, मोतिपुरा, मानपुरा, आछारोई, गवा, पाटेर, बासिया, रावत खेड़ा, खखंदर, पीलि कडाड, झीरी सातनबाड़ी, रसुलपुरा आदि गांव में किसानों की फसल 70 से 80 फीसदी तक बर्बाद हो गई है।

किसानों को अभी से बैंक और साहूकारों के कर्ज को चुकाने की चिंता सता रही है और सर्वे के लिए अभी कोई टीम पहुंची नहीं है। बीमा कंपनी की तरफ से भी अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि किसानों को मुआवजा मिलेगा या नहीं। कांगे्रस नेता ने डिप्टी कलेक्टर से कहा कि टीम जल्द भेजकर सर्वे कराया जाए।

इस मौके पर मृदुल तोमर, किसान कांग्रेस के रघुवीर सिंह दंागी, किसान कांग्रेस के प्रदेश संगठन मंत्री भगतसिंह तोमर, जगतपाल सिंह सोलंकी, देवीसिंह तवंर, आसीफ अंसारी, सुनील दुबे, रवि पाण्डे, हरिसिंह गुर्जर, नारायणसिहं सोलंकी, वीरेन्द्र सोलंकी, शिवपाल सिंह सोलंकी, कृष्णपालसिंह सोलंकी, हेमसिंह, रामपाल सिंह, बालाप्रसाद गौर, हरपाल सिंह, सोनू गुर्जर आदि मौजूद थे।

इधर, कर्ज माफी तो दूर उल्टा किसान कर्ज मेें दब गए
वहीं दूसरी ओर अतिवृष्टि और अफलन के कारण बर्बाद हुई सोयाबीन की फसल के सर्वे की मांग को लेकर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ता और किसानों ने इछावर तहसील कार्यालय का घेराव किया। तहसील कार्यालय का घेराव कर किसानों ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के नाम ज्ञापन दिया।

किसानों को संबोधित करते हुए इछावर विधायक करण सिंह वर्मा ने कहा कि क्या मध्यप्रदेश में केवल छिंदवाड़ा है, जो सरकार की आंखों का नूर बना हुआ है। दूसरे जिलों में कोई समस्या नहीं है क्या। सरकार सिर्फ छिंदवाड़ा में विकास कार्य करा रही है।

प्रदेश सरकार हर मामलों में फेल है। किसानों को कर्ज माफी का लाभ नहीं मिला, उल्टा किसान कर्ज तले दबे जा रहे हैं। प्रदेश का किसान खुद को असुरक्षित महसूस करने लगा है। हर तरफ से किसान घिरा हुआ है। सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। बिजली के बिल ज्यादा आ रहे हैं। गांवों के किसानों की लाइट काटी जा रही है। उन्होंने कहा कि हम विपक्ष में भले ही हैं, लेकिन किसानों के हक की लड़ाई के लिए हर दम खड़े रहेंगे। विरोध प्रदर्शन में भाजपा के अनेक कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।

Updated on:
30 Aug 2019, 3:50 PM IST
Published on: