
shivraj singh chouhan angry over demolition, शिवराज सिंह चौहान पीड़ित परिवारों से मिलते हुए (Source-Patrika)
Sehore Shivraj Singh Chouhan Angry: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई में गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाने के मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई है। शिवराज सिंह चौहान रविवार शाम को कोसमी पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कीष गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ने, उनकी फसलें नष्ट होने और पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
शिवराज सिंह चौहान जब कोसमी गांव पहुंचे तब मौके पर वन विभाग और प्रशासन के किसी भी बड़े अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने घटनास्थल से ही मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन कर गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने की जानकारी दी। इस मामले में वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि गरीब परिवारों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए घर बनवाए जाएंगे। साथ ही, जब तक उनके रहने की स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उनके रहने और खाने-पीने की अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शिवराज सिंह ने कहा कि इस कार्रवाई में केवल घर ही नहीं टूटे, बल्कि पीड़ित परिवारों की आजीविका पर भी चोट पहुंची है। मक्के और तुअर की फसलें पूरी तरह नष्ट किए जाने और सिंचाई और पीने के पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को भी मिट्टी से भर दिए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। शिवराज सिंह चौहान के तेवरों से साफ है कि गरीब परिवारों के घर उजाड़ने के इस मामले को वो गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आवास और तत्काल राहत दिलाने का भरोसा दिया है।
Updated on:
11 Oct 2026 09:57 pm
Published on:
11 Oct 2026 09:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
