
बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स: @DrMohanYadav51)
Dewas News :मध्य प्रदेश के देवास में रविवार को 'बलराम कृषि महोत्सव' और जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन हुआ। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया।
इस संबंध में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जामकारी देते हुए कहा कि, 'मालवा की उर्वरा माटी और ऊर्जावान किसान प्रदेश की समृद्धि के आधार हैं। आज देवास में आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' में वर्चुअली जुड़कर अन्नदाताओं से आत्मीय संवाद किया। सोयाबीन, गेहूं, कपास और दलहन उत्पादन में विशेष स्थान रखने वाले देवास में कृषि प्रसंस्करण और प्राकृतिक खेती को अपनाकर कई किसान भाइयों ने अपनी आमदनी दोगुनी की है।'
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, 'सरकार किसानों को सहायता और सब्सिडी दोनों दे रही है, जिससे किसान दुग्ध उत्पादन और मछली पालन जैसे उद्यम से अपनी आय बढ़ा रहे हैं। हमारा संकल्प है कि खेती की लागत कम हो और उत्पादन बढ़े ताकि किसानों के जीवन में भी समृद्धि आ सके।'
सीएम मोहन यादव ने देवास जिले के किसानों की सराहना करते हुए कहा, यहां के किसान आधुनिक तकनीकों और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं। उनके प्रयासों से देवास कृषि के क्षेत्र में प्रदेश के लिए एक आदर्श मॉडल बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों को राज्य के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है।
बलराम कृषि महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती और श्रीअन्न यानी मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ावा देना है। मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने आगामी रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों की जानकारी दी। इस दौरान गेहूं, चना, मसूर और सरसों की प्रमाणित किस्मों के बारे में तकनीकी जानकारी दी गई। किसानों को फसल चयन, उत्पादन बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं।
बलराम कृषि महोत्सव के जरिए किसानों को प्राकृतिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों, सिंचाई के आधुनिक साधनों, पशुपालन और कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों के अनुभवों और नवाचारों को सामने लाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, प्रदेश सरकार किसानों के विकास और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देवास में आयोजित यह किसान मेला किसानों को नई तकनीकों से परिचित कराने और उनके सफल प्रयोगों को दूसरे किसानों तक पहुंचाने का खास मंच बना।
Updated on:
11 Oct 2026 07:23 pm
Published on:
11 Oct 2026 06:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
