
सीहोर। कोई मिट्टी ला रहा है तो कोई खाद का इंतजाम कर रहा है। किसी ने पौधों को संभालने की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली है। अधिकारी भी इस अभियान में पीछे नहीं है। अपने स्वयं के खर्च से गमले और अमेरिकन घास लगवाने का काम कर रहे हैं। यह नजारा जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर का है। कायाकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल जल्द ही हरियाली और खुशबूदार फूलों से महकेगा।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एए कुरैशी ने बताया कि मरीजों को बेहतर सुविधा देने के साथ उनके जल्द स्वस्थ्य होने को लेकर यह पहल की जा रही है। ट्रामा सेंटर के ग्राउंड फ्लोर से लेकर सेकंड फ्लोर तक गमलों में हरे भरे पौधे लगाए जाएगें। वहीं आसपास की खाली जमीन को संवार कर उसमें अमेरिकन घास लगाई जा रही है। अभी शुरूआत में करीब ५० गमले तैयार हो गए हैं। जिन्हे मुख्य कार्यालय और सर्जिकल वार्ड की गैलरी में रखवा दिए हैं। २०० के करीब गमले और बुलवाए जाएंगे। जिनमें हर किस्म के पौधे लगाए जाएंगे।
हरियाली और पर्यावरण को मिलेगा बढ़ावा
जिला अस्पताल में शुरू हुई इस पहल से आमजनों को भी हरियाली को बढ़ाने का संदेश मिलेगा। इसी के साथ हरियाली को भी बढ़ावा मिलेगा। यह पहल मातृ एवं शिशु वार्ड में भी जल्द शुरू की जाएगी। जहां मरीज व परिजन इन पौधों को देख हरियाली के प्रति जागरूक होगें।
मरीजों को भी स्वास्थ लाभ में मिलेगा लाभ
पूरे अस्पताल परिसर में गमलों में पौधे लगाए जाने का चल रहा है। गैलरी में हरियाली देख मरीजों में भी पॉजिटिव एनर्जी आएगी। इससे बीमारी के दौरान उपचार कराने आने वाले मरीजों को जल्द स्वस्थ होने में भी मदद मिलेगी।
खुद अपने खर्च पर कर रहे प्रयास
अस्पताल का माहौल खुशनुमा बनाने सभी अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। कलेक्टर तरूण कुमार पिथोड़े, सिविल सर्जन एए कुरैशी, बीएमओ सुधीर सिंह, डिस्टिक अकाउंड मैनेजर संजुलता भार्गव सहित जिला अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ स्वयं आगे आकर अपनी राशि से अस्पताल का कायाकल्प बनाने प्रयास कर रहे हैं।