सीहोर

राज्यपाल बनी शिक्षक : बच्चों को सिखाए गुणा-भाग

बोलीं- स्वसहायता समूह ही आर्थिक रूप से मजबूत करेगा महिलाओं को...
2 min read
• •
Updated: 8 Jul 2018, 9:35 AM IST
rajyapal
राज्यपाल बनी शिक्षक : बच्चों को सिखाए गुणा-भाग

सीहोर. राज्यपाल आनंदी बेन पटेल शनिवार को जिले के भ्रमण पर रहीं। राज्यपाल सर्वप्रथम नजदीकी ग्राम जहांगीरपुरा के आंगनवाड़ी केन्द्र और प्राइमरी स्कूल पहुंची, जहां उन्होंने बच्चों के भाषा ज्ञान, गिनती तथा आईक्यू लेवल को जांचा। बच्चों के बीच शिक्षक बनने हुए उन्होंने गणित का पाठ भी पढ़ाया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्र पर उन्होंने गांव की किशोरियों तथा धात्री एवं गर्भवती महिलाओं से शासन की योजनाओं में प्राप्त हो रही सुविधाओं तथा टीकाकरण, पोषण आहार आदि की सुचारु प्राप्ति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र अमलाहा का निरीक्षण किया तथा उपचाररत़ लोगों से मिल रहीं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात वे ग्राम बेदाखेड़ी के माध्यमिक विद्यालय भी पहुंची जहां उन्होंने बच्चों का शैक्षणिक स्तर परखा तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी जांची। राज्यपाल का इस अवसर पर फलों की टोकरी भेंट कर स्वागत किया गया जिसे उन्होंने बच्चों को वितरित किया।

जवाबदारी लें सक्षम

रेस्ट हाउस में उन्होंने अधिकारियों, रेडक्रास सोसायटी, रोटरी क्लब तथा हितग्राहियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेडक्रास सोसायटी के सदस्यों की संख्या बढाएं तथा इसके प्रति लोगों को जागरुक बनाते हुए आय में वृद्धि के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पूरे देश को टीबी मुक्त बनाना है, सक्षम लोगों को जागरुक करें इससे पीडि़त बच्चों को गोद लेकर उनकी समुचित देखरेख कर इस बीमारी से उबरने में सहायक बनें।

जीवन में प्रकाश लाना हैं तो संकल्प लें

राज्यपाल ने शासन की उज्जवला, प्रधानमंत्री आवास, मुद्रा लोन तथा सौभाग्य योजना से लाभांवित हितग्राही महिलाओं से बात करते हुए कहा कि घर में तो प्रकाश आ गया है किंतु जीवन में प्रकाश लाना है तो संकल्प लीजिए कि बच्चों को पढ़ाएंगे-आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं कोई भी उत्पादक कार्य का प्रशिक्षण लें और महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनें तभी देश का सर्वांगीण विकास हो सकेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष उर्मिला मरेठा, विधायक आष्टा रणजीत सिंह गुणवान, विधायक सुदेश राय, आष्टा जनपद अध्यक्ष धारा सिंह पटेल व अन्य उपस्थित थे।

Published on: