सीहोर

आयशर वाहन ने रौंदा, फावड़े से इकट्ठा करना पड़े शव के टुकड़े

भोपाल इंदौर हाइवे पर हुआ हादसा, दूसरी घटना में भिड़े तीन वाहन
1 minute read
• •
Updated: 30 Jun 2018, 4:33 PM IST
sehore, sehore news, sehore patrika, patrika news, patrika bhopal, bhopal mp, hospital, sehore district hospital, accident, road accident, sehore accident, crime, crime news, police,
आयशर वाहन ने रौंदा, फावड़े से इकट्ठा करना पड़े शव के टुकड़े

सीहोर/जावर। आयशर वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए एक व्यक्ति को रौंद दिया। इसके बाद उसके ऊपर से कई वाहनों के निकलने के कारण शव के कई टुकड़े हो गए। जिनको फावड़े से इकट्ठा कर पीएम के लिए लाना पड़ा। इसी प्रकार दूसरी घटना में सीमेंट से भरे ट्रक से पीछे से दूसरा वाहन टकराकर कार पर पलट गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की रात भोपाल इंदौर हाइवे पर अरनिया गाजी जोड़ के समीप एक अज्ञात आयशर वाहन चालक ने अज्ञात 45 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि जिसने भी इसे देखा उसकी रूह कांप गई।

रात का समय होने से कोई उसे देख नहीं पाया, जिससे कई वाहन ऊपर से निकल गए। इससे शव के कई टुकड़े हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को फावड़े से इकट्ठा कर पोटली में बांध पीएम के लिए सिविल अस्पताल आष्टा लेकर आई। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला कायम कर जांच में लिया है। डोडी चौकी प्रभारी एलएस मरावी ने बताया कि अज्ञात की शिनाख्त की जा रही है। अभी कुछ पता नहीं चल सका है।

पलटा सीमेंट से भरा ट्रक
इसी प्रकार फंदा टोल टैक्स के समीप फोरलेन हाइवे पर सीमेंट से भरा एक ट्रक पलट गया था। इससे पीछे आने वाला दूसरा आयशर वाहन भिड़कर छिंदवाड़ा से भोपाल तरफ जा रही कार पर जा गिरा। हादसा इतना खतरनाक था कि कार ऊपरी हिस्से से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में छिंदवाड़ा निवासी दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जिस तरह से यह घटना हुई, उससे एक बड़ा हादसा होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता था।

Published on: