
Pandit Pradeep Mishra : मध्यप्रदेश का सीहोर शहर मंगलवार को लाखों लोगों से पट गया। यहां सुबह 9 बजे से देशभर में विख्यात कांवड़ यात्रा शुरू हो गई। सीवन नदी से कांवड़ में जल भरकर पंडित प्रदीप मिश्रा 11 किमी लंबी यात्रा पर निकल पड़े। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पुलिस की मशक्कत करनी पड़ रही है। सीवन घाट पर भक्तों की एंट्री रोक दी गई है। कांवड़ यात्रा में शामिल होने श्रद्धालु देशभर से सीहोर आए हैं।
कांवडिय़ों के संग कुबेरेश्वर की ओर उमड़ी आस्था
कुबेरेश्वर धाम में सावन की आस्था चरम पर है। मंगलवार सुबह शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा से पहले ही धाम में करीब 50 हजार श्रद्धालु पहुंच चुके थे। सोमवार को दिनभर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। प्रशासन और सेवा समितियों ने यात्रा के साथ धाम परिसर, सीवन नदी क्षेत्र, पार्किंग, प्रवेश-निकास और जलाभिषेक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। इस बार भीड़ को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित ढंग से दर्शन व जलाभिषेक कराने पर विशेष जोर है।
मंगलवार सुबह 9 बजे कांवड़ यात्रा शुरू हुई। श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में घाट पहुंचे। यात्रा को लेकर कुबेरेश्वर धाम के साथ सीवन नदी क्षेत्र में भी तैयारियां की गई। नगर पालिका ने सीवन पुल पर नल लगाए ताकि श्रद्धालुओं को जल भरने के लिए नदी के घाट तक नहीं जाना पड़े। इससे नदी तट पर एकत्र होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिली।
धाम परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए प्रवेश और निकास की व्यवस्था अलग-अलग की गई है। जल चढ़ाने के दौरान भीड़ का दबाव न बने, इसके लिए शिला तक पहुंचने की व्यवस्था की समीक्षा की गई। पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया है, ताकि वाहनों की वजह से यात्रा मार्ग और धाम परिसर के आसपास अव्यवस्था न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विठलेश सेवा समिति ने यात्रा से जुड़े मार्ग पर करीब 25 स्थानों पर चाय, नाश्ता और पेयजल की व्यवस्था की है। अखंड हिंद फौज के 250 स्वयंसेवक भी सेवा कार्य में जुटे रहेंगे। मंदिर परिसर में 10 से अधिक वॉच टावर लगाए गए हैं, जहां से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के अनुसार यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम को भी सक्रिय रखा गया है। घाट पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और एसडीआरएफ सतर्क कांवडिय़ों के जल भरने के दौरान सुरक्षा के लिए सीवन नदी क्षेत्र में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इससे पहले डीआइजी देहात भोपाल राजेश चंदेल ने सोमवार को कुबेरेश्वर धाम और सीवन नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग और धाम परिसर में लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा।
खबर अपडेट की जा रही है…