
Sehore News : मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण एवं विकास कार्यों के कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा द्वारा मंच से एक अजीबो गरीब बयान सामने आया है। भाषण के दौरान दिए गए इस अनूठे बयान की की चर्चा अब हर तरफ होना शुरु हो गई है। कार्यक्रम में आई जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने जीवन में भलाई और सदमार्ग पर चलने का संदेश अत्यंत दिलचस्प अंदाज़ में दिया है।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने ये भी कहा कि, 'जीवन में किसी का बुरा नहीं करना चाहिए। यही नहीं, उन्होंने आग ये भी कहा कि, 'जो लोग दूसरों का बुरा करने या बदला लेने की भावना रखते हुए उन्हें मेरी नसीहत है कि, जिंदगी में ये भाव त्याग दो, वरना अगले जन्म में नाग बनोगे।'
अपने भाषण के दौरान राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने पौराणिक प्रसंगों और सीखों का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि, बुराई और बदले की भावना इंसान को पतन की तरफ ले जाती है, इसलिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में सिर्फ अच्छे और जनहित के कार्य ही करने चाहिए।'
इस अवसर पर मंच पर अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे। मंत्री करण सिंह वर्मा का यह अनोखा और सीख भरा अंदाज़ कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा।
आपको बता दें कि, सीहोर के ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले के ढाबला केलवाड़ी गांव में नया बिजली उपकेंद्र शुरू किया गया है। गुरुवार को प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा नए बिजली उपकेंद्र का शुभारंभ करने पहुंचे थे। राजस्व मंत्री ने यहां 2 करोड़ 32 लाख की लागत से बने 33/11 केवी उपकेंद्र का फीता काटकर लोकार्पण किया। ये उपकेंद्र बिलकिसगंज वितरण केंद्र के तहत शुरू हुआ है।
यहां से तीन 11 केवी फीडर शुरू हुए हैं। इनमें एक घरेलू और दो कृषि पंप फीडर हैं। इससे ढाबला केलवाड़ी, रामाखेड़ी, हीरापुर, पीपलनेर, किशनपुरा, नापली, चैनपुरा और सिकंदरगंज समेत आठ गांवों में बिजली सप्लाई बेहतर होगी। इसके अलावा दो अलग कृषि पंप फीडर से किसानों को सिंचाई के लिए सही वोल्टेज में बिजली मिलेगी। इससे लो-वोल्टेज के कारण कृषि पंप खराब होने की समस्या से राहत मिलेगी और सिंचाई में सुविधा होगी।