
सीहोर। शिक्षित समाज ही देश और समाज को नई दिशा दे सकता है। सारे समाज को एक सूत्र में पिरोना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। राजनीति में कोई भी दल हो, लेकिन समाज अपनी महत्वपूण भूमिका निभाएगा। सत्ता में आकर राजनीति पर नहीं बल्कि समाज आमजन के विकास पर ध्यान होगा।
यह बात कलचुरी समाज राष्ट्रीय संयोजक अर्चना जायसवाल ने कहीं। वह रविवार को क्रिसेन्ट रिसोर्ट में राष्ट्रीय कलचुरी एकता महासंघ का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में बोल रही थीं। सुबह नौ बजे से शुरू हुए आयोजन के दौरान राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि हम भाजपा और कांग्रेस और किसी अन्य दल में किसी एक को विशेष नहीं मानते है। समाज के लिए सभी दल विशेष हैं, लेकिन जो दल समाज को विशेष दर्जा देकर साथ लेकर चलेगा।
हम पूरी ताकत से उस दल का सपोर्ट कर हमारी जिम्मेदारी पूरी इमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा से विकास का रास्ता तय होगा। समाज को राजनीतिक क्षेत्र में आगे आने के लिए भी प्रस्ताव पारित किया गया। आगामी दिनों में एक प्रतिनिधि मंडल दोनों ही राजनैतिक दलों के पास जाकर आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक भागीदारी समाज के लोगों को दिलाए की बात रखेगा।
पूरे समाज को एक होकर करना होगा काम
कलचुरी समाज के प्रदेशाध्यक्ष राकेश राय ने कहा कि राजनीति में समाज की भूमिका के लिए पूरे समाज को एक होकर प्रयास करना होगा। विधानसभा चुनाव में समाज का उम्मीदवार चाहे वह किसी भी दल का हो उसका पूरा सहयोग किया जाएगा। शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह में देश और प्रदेश भर से आए समाज के पदाधिकारियों ने भी अपनी बात रखी। विधायक सुदेश राय ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से जुटे कार्यकारिणी सदस्यों ने एकमत से निर्णय लिया की कलचुरी समाज के सभी वर्ग एक जुट हों और मिलकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करें।
आयोजन के दौरान समाज को आगे बढ़ाने को लेकर सभी ने सामूहिक रूप से शपथ ली। वही समीज की प्रतिभा और विशेष सहयोग करने वालों का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर दीपक जायसवाल, शिवचरण हाड़ा, नरेश जायसवाल, हुकुम चंद जायसवाल, मुकेश राय, विष्णु शिवहारे, मनोज शाह, पंकज चौकसे और कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष किशोर राय, बेनी राय, सुधीर राय, विकास राय, विष्णु राय, शंकर जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।