
Ladli Behna Yojana installment: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बैंक के सामने एक खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती पचामा गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बैंक आफ इंडिया (BOI) शाखा में लाड़ली बहना योजना की राशि निकालने पहुंची एक महिला के पूर्व पति और वर्तमान ससुराल पक्ष (देवर) के बीच का विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। इस संघर्ष में महिला के पूर्व पति की उसके वर्तमान देवर ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम थूना कला की रहने वाली एक महिला ने कुछ समय पूर्व बारवाखेड़ी निवासी प्रताप मालवीय से दूसरा विवाह किया था। शनिवार को महिला अपने वर्तमान देवर धर्मेंद्र मालवीय के साथ पचामा स्थित बैंक ऑफ़ इंडिया (BOI) में 'लाड़ली बहना योजना'(Ladli Behna Yojana) की किश्त की राशि निकालने आई थी। इसी दौरान वहां महिला का पूर्व पति बबलू मालवीय भी पहुंच गया। बैंक के बाहर अचानक दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया। तीनो के बीच पहले बहस हुई फिर बात हाथापाई तक आ पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्व पति बबलू और महिला के वर्तमान देवर धर्मेंद्र मालवीय के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हिंसक झड़प होने लगी। इसी बीच, आरोपी धर्मेंद्र ने तैश में आकर अपने पास रखे चाकू से बबलू के पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले से बबलू लहूलुहान हो गया और सड़क पर पड़ा रहा। बबलू पर हमला करने बाद महिला और उसका देवर मौके से फरार हो गए।
चाकू लगने से बबलू लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल बबलू को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश व मामले के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पचामा क्षेत्र के नागरिकों में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद को कारण माना जा रहा है।