
सिवनी. शिक्षा विभाग के अंतर्गत तीन विकासखण्ड में कार्यरत 1155 प्राथमिक शिक्षकों को वर्ष 2018 में मिलने वाली क्रमोन्नति का इंतजार छह साल तक करना पड़ा। मंगलवार का दिन इन शिक्षकों के लिए अच्छी खबर लेकर आया। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सिवनी, बरघाट व केवलारी विकासखण्ड के प्राथमिक शिक्षकों का दूसरा क्रमोन्नति आदेश जारी कर दिया गया है। जबकि आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत पांच विकासखण्ड छपारा, कुरई, घंसौर, धनौरा व लखनादौन के 1500 शिक्षकों को ढाई साल से क्रमोन्नति का इंतजार आज भी जारी है।
शिक्षा विभाग में नवीन शिक्षक संवर्ग के क्रमोन्नति के आदेश जारी होने पर राज्य शिक्षक संघ जिला इकाई व सदस्य शिक्षकों ने खुशी जाहिर की है। जिला अध्यक्ष विपनेश जैन ने बताया कि क्रमोन्नति के नियम अनुसार वर्ष 2018 में यह लाभ मिलना था, लेकिन विभागीय अड़चनों के कारण आदेश नहीं हो पा रहे थे। इस सम्बंध में जिला स्तर से सतत प्रयास किए गए, जिसके बाद शिक्षा विभाग के तीनों विकासखण्ड के आदेश जारी हो सके हैं। बताया कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत नवीन शिक्षक संवर्ग की 12 वर्ष और 24 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले प्राथमिक शिक्षकों के लंबित क्रमोन्नति के आदेश शिक्षा अधिकारी एसएस कुमरे के प्रयासों से जारी हो गए हैं।
शिक्षकों की लंबित क्रमोन्नति के कारण प्रति माह तीन से पांच हजार रुपए का नुकसान हो रहा था। इस आदेश को जारी कराने में शिक्षा विभाग की समिति ने लगातार काम किया, जिसमें सहायक संचालक आरपी पाटिल, नोडल राधेश्याम दुबे, यशवंत यादव, केशव कुमार उसराठे, प्रवीण बन्देवार, आकाश, संकल्प धकाते और प्राचार्य सीएल झरिया, अनंत राहंगडाले, आनंद श्रीवास्तव, पीएस धुर्वे, वायएस बघेल का सहयोग रहा।
इनका कहना है -
शिक्षा विभाग में छह साल बाद क्रमोन्नति आदेश जारी हो सका है। जबकि अब भी आदिवासी विकास विभाग के शिक्षकों को क्रमोन्नति का आदेश जारी नहीं किया जा रहा है। पूर्व में समिति की बैठक में भी इस पर सहायक आयुक्त ने आश्वासन दिया था, लेकिन कोई आदेश जारी नहीं हो रहा है।
विपनेश जैन, जिला अध्यक्ष, राज्य शिक्षक संघ
शिक्षा विभाग अंतर्गत 1155 शिक्षकों के क्रमोन्नति का आदेश जारी हो गया है। यह विभागीय कर्मियों के सतत प्रयास का नतीजा है। अब हम शिक्षा विभाग के करीब 800 माध्यमिक व 100 उच्च माध्यमिक शिक्षकों के क्रमोन्नति आदेश जारी कराने के लिए विभागीय मुख्यालय में प्रयास करेंगे।
एसएस कुमरे, जिला शिक्षा अधिकारी सिवनी