जिले में पुलिस इन दिनों हेलमेट कार्रवाई के अभियान में जुटी हुई है। पिछले तीन-चार दिनों से जारी इस कार्रवाई में हर दिन चालान की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं लोगों का कहना है कि खाकी खुद ही नियम का पालन करती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में लोगों से कैसे हेलमेट जागरुकता की अपेक्षा की जा सकती है।
नगर सहित जिले जारी है हेलमेट अभियान को लेकर कार्रवाई, पुलिस द्वारा हेलमेट में सख्ती बरती जा रही है। लोगों को जागरूक करने के लिए और सड़क हादसों में इजाफा हो रहा है, इन को रोकने के लिए हेलमेट अभियान चलाया जा रहा है।
जिले के थानों छपारा, लखनादौन, धूमा, घंसौर, उगली, कुरई, लखनवाड़ा, अरी, केवलारी सहित सभी थानों में हेलमेट अभियान पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को जिले के थानों से 542 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर समझाइश दी गई है। आम लोगों का कहना है कि कुछ थानों में पुलिस द्वारा भी हेलमेट का पालन नहीं किया जा रहा है। जिस पर पुलिस विभाग पर सवालिया निशान खड़े हो रहे है। जो दूसरों को नियम बता रहे है वे खुद ही नियमों का पालन नहीं कर रहे है।
नगर में चैकिंग के दौरान कुछ वाहन चालक पीछे के पीछे या दूसरी संकरी गली से भागते नजर आ रहे थे। जिससे हादसे होने की भी आशंका बनी रहती है। पुलिस द्वारा हेलमेट अभियान पर सख्ती जरूर बरती जा रही है लेकिन लोगों में जागरूकता नहीं आई है। अधिकांश वाहन चालक बिना हेलमेट लगाए वाहन चला रहे हैं।
जिले में जहां हेलमेट और तीन सवारी को लेकर पुुलिस की सख्ती सामने आ रही है वहीं जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में नाबालिग धड़ल्ले से दोपहिया वाहनों पर फर्राटे भरते नजर आ रहे हैं। इन नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर रही है। लोगों ने नाबालिग वाहन चालकों पर भी शिंकजा कसे जाने की अपेक्षा व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि फर्राटे भरते नाबालिग भी दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा बने रहते हैं।