सिवनी

एमआईसी में प्रस्ताव पर मुहर के बाद भी नहीं बन पाया ट्रांसपोर्ट नगर और ऑडिटोरियम

सितंबर 2024 में परिषद के सभी 24 वार्ड के लिए विकास की योजना तय करने के लिए आयोजित किए गए विशेष सम्मेलन में 12 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम का प्रस्ताव सर्वसम्मति से लिया गया था और इसके लिए बाबरिया में जगह भी चिन्हित की गई थी।

2 min read
Apr 30, 2026

गीता भवन के लिए भी अब तक चिन्हित नहीं हो पाई जगह

सिवनी. नगर पालिका परिषद, सिवनी की प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक में कई कार्य स्वीकृत होने के बावजूद भी इसे क्रियान्वित नहीं किया जा रहा है। अधिकतर कार्य महज कागजों तक सीमित रह जा रहे हैं। वर्ष 2024-25 में नगर पालिका के बजट में शामिल किए गए ऑडिटोरियम, ट्रांसपोर्ट नगर सहित कई कार्य अब तक शुरु नहीं हो पाए हैं। सितंबर 2024 में परिषद के सभी 24 वार्ड के लिए विकास की योजना तय करने के लिए आयोजित किए गए विशेष सम्मेलन में 12 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम का प्रस्ताव सर्वसम्मति से लिया गया था और इसके लिए बाबरिया में जगह भी चिन्हित की गई थी। उम्मीद थी कि जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी और निर्माण कार्य शुरु होगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इसके बाद हर बैठक में केवल चर्चा तक ही विकास सीमित है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ऑडिटोरियम के लिए डीपीआर बनाकर भोपाल भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। बता दें कि मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना अंतर्गत नगर सरकार ने 12 करोड़ रुपए की लगात से ऑडिटोरियम, शासन से मिले एक करोड़ रुपए के अनुदान से स्वीमिंग पुल का निर्माण, कंपनी गार्डन निर्माण, 5 करोड़ रुपए अनुदान से ट्रांसपोर्ट नगर स्थापना कार्य को शामिल किया था। ट्रांसपोर्ट नगर स्थापना का कार्य भी अब तक प्रारंभ नहीं हो पाया है। इसी तरह 5 करोड़ 50 लाख रुपए से पुरानी थोक सब्जी मण्डी, पुराने राजस्व कार्यालय एवं अन्य स्थानों पर शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण प्रस्तावित किया गया था। तारामंडल भी बनाया जाना था। गीता भवन बनाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया था। इस कार्य में भी कोई खास प्रगति नहीं है। एक के बाद एक वार्ड में जगह चिन्हित होकर कैन्सिल कर दी जा रही है। कई कार्यो के लिए अभी जगह ही नगर पालिका खोज नहीं पाई है। स्वीमिंग पुल के लिए एक माह पहले डीपीआर बनाकर तकनीकी स्वीकृति के लिए भोपाल भेजा गया है। इसमें भी अभी प्रक्रिया चल रही है। गीता भवन के लिए जगह खोजी जा रही है।

2 करोड़ 26 लाख से बनेगा कंपनी गार्डन, मिली स्वीकृति
नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को शासन ने कंपनी गार्डन के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। दरअसल पहले शासन ने नगर पालिका सिवनी को पीपीपी मोड में कंपनी गार्डन बनाने के लिए कहा था, लेकिन ऐसा होना संभव नहीं था। परिषद ने वास्तविक स्थिति से शासन को अवगत कराया। इसके बाद पत्राचार होता रहा। बुधवार को शासन ने 2 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से कंपनी गार्डन के निर्माण की सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। यानी अब शासन के बजट से कंपनी गार्डन बनेगा। अब नगर पालिका को इसकी डीपीआर बनाकर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बता दें कि कंपनी गार्डन में लोगों के लिए काफी सुविधा होगी। इसमें बच्चों के लिए खेलने, बड़ों के लिए टहलने, पार्क, गार्डन सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।

इनका कहना है
ऑडिटोरियम बनाने को लेकर बाबरिया में जगह चिन्हित की गई है। डीपीआर बनाकर भोपाल भेजी गई है। आगे की प्रक्रिया चल रही है। कंपनी गार्डन के लिए शासन से सैद्धातिंक स्वीकृति मिल गई है। गीता भवन के लिए जल्द ही जगह चिन्हित हो जाएगी।
विशाल सिंह मर्सकोले, सीएमओ, नपा, सिवनी

Published on:
30 Apr 2026 11:44 am
Also Read
View All