सिवनी

सिवनी में चाय की टपरी पर 20000 रुपये रिश्वत लेते पकड़ाया ASI

Lokayukta Action: ठगी के शिकार फरियादी से ASI मांग रहा था 30 हजार रुपये रिश्वत, 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने रंगेहाथों पकड़ा।
2 min read
May 13, 2026
SEONI ASI
Lokayukta Action caught ASI taking Bribe Rs 20000 in Tea Stall seoni

Lokayukta Action: मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरों पर लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। हर दूसरे दिन प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कहीं न कहीं रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला सिवनी जिले का है जहां जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई (Lokayukta Action) करते हुए एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा है।

ASI मांग रहा था 30 हजार रुपये रिश्वत

सिवनी जिले के छितापार गांव के रहने वाले नंदकिशोर चौरसिया ने लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर में सिवनी कोतवाली थाने में पदस्थ एएसआई दिनेश रघुवंशी के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में फरियादी नंदकिशोर चौरसिया ने बताया कि उसके बेटे अभिषेक चौरसिया को नौकरी दिलाने एवं सरकारी विभाग में गाड़ी लगाने का झांसा देकर शातिर ठगों से फर्जीवाड़ा किया है। जब वो इस बात की शिकायत दर्ज कराने के लिए कोतवाली थाने पहुंचे तो एएसआई दिनेश रघुवंशी ने उनसे सही रिपोर्ट लिखने और फर्जी सिग्नेचर की जांच करवाने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपये रिश्वत देना तय हुआ।

चाय की टपरी पर रिश्वत लेते पकड़ा

लोकायुक्त टीम ने फरियादी की शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर बुधवार को रिश्वत के 20 हजार रुपये देने के लिए रिश्वतखोर एएसआई दिनेश रघुवंशी के पास भेजा। दिनेश रघुवंशी ने फरियादी नंदकिशोर चौरसिया को रिश्वत की रकम देने के लिए बस स्टैंड के पास एक चाय की टपरी पर बुलाया। चाय की टपरी पर जैसे ही एएसआई ने रिश्वत के 20 हजार रुपये लिए तभी सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की गई है। ट्रेप दल में नीतू त्रिपाठी उप पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक राहुल गजभिए, टी एल ओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले, सदस्य निरीक्षक राहुल गजभिए, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय एवम लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा।

लोकायुक्त की अपील

कार्रवाई करने पहुंची जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने अपील करते हुए कहा है कि लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है कि कोई अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत की मांग करे, लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत करें। लोकायुक्त टीम ने बताया कि फरियादी रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मोबाइल नंबर 7999514544 या दूरभाष नंबर 0761-2408599, 0761-2408588 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

Updated on:
13 May 2026 06:40 pm
Published on:
13 May 2026 06:00 pm