अब खाकी वर्दी के भी काटे गए चालान..

पत्रिका के खबर प्रकाशन के बाद एसपी अवध किशोर पांडेय ने खाकी के भी चालान काटे जाने के निर्देश दिए थे जिस पर यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट के खाकी वर्दीधारी वाहन चालकों पर 250 रुपए का चालान काटने के साथ समझाइश भी दी है।
2 min read
• •
Updated: 20 Sep 2016, 11:23 AM IST
seoni
seoni

सिवनी.
शहर में हेलमेट अभियान तीसरे दिन सोमवार को भी जारी रहा। इस कार्रवाई के लिए तैनात अमले द्वारा अपनी ही तरह के कुछ वर्दीधारियों को राहत दी जा रही थी, जब इस दृश्य को लोगों ने मोबाइल कैमरों में कैद किया, तो अमले को मजबूरन कार्रवाई करनी ही पड़ी।

देखने में आ रहा है, कि आमजनों पर तो ताबड़-तोड़ कार्रवाई हो रही जबकि यातायात पुलिस द्वारा खाकी वर्दीधारी जो बिना हेलमेट दो-पहिया वाहनों को दौड़ा रहे है, उन पर शिकंजा कसने के लिए चालानी कार्रवाई से छूट दी जा रही थी। देखने में अधिकतर यह आ रहा था कि खाकी खुद हेलमेट नहीं लगा रही थी तो आम लोगों से क्या उम्मीद की जा सकती है। पत्रिका के खबर प्रकाशन के बाद एसपी अवध किशोर पांडेय ने खाकी के भी चालान काटे जाने के निर्देश दिए थे जिस पर यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट के खाकी वर्दीधारी वाहन चालकों पर 250 रुपए का चालान काटने के साथ समझाइश भी दी है।

चैकिंग पाइंट पेट्रोल पंप, छिंदवाड़ा चौक, डूंडासिवनी, नागपुर रोड पर चैकिंग लगाकर चालानी कार्रवाई व समझाइश दी जा रही है।

सोमवार को सड़कों पर एसपी के सख्त निर्देशों का असर नजर आया जब वाहन चैकिंग कर रहे अमले ने बिना हेलमेट जा रहे पुलिसकर्मियों के भी वाहन रोककर चालान काटे। ताजा अभियान के पहले दिन वर्दीधारियों को वाहन चैकिंग से छूट देने की खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी पांडेय ने संज्ञान लेते हुए सभी पर एक समान कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद यह कार्रवाई शुरु हुई है। लोगों का कहना है कि इस अभियान को और व्यापक रुप दिया जाना जरुरी है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ नियम तोड़ रही यात्री बसों और ओव्हर लोड टैक्सियों पर भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमराई हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन चालक नियमों की परवाह न करते हुए मनमाने तरीके से वाहन चालन करते हैं।

पिछले दो दिनों में यातायात विभाग ने 312 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 77,250 रुपए का राजस्व जमा कराया है। वहीं कोतवाली पुलिस ने दो दिनों में 145 वाहन चालकों से 34,750 रुपए राजस्व में जमा कराए हैं।
Published on: