बिजली बिल भुगतान के लिए अब उपभोक्ताओं को लंबी कतार में खड़े होकर घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं है। बिजली वितरण कंपनी से जारी हुए एमपीपीकेव्हीव्हीसीएल जेबीपी बिजली बिल एप की मदद से अब घर बैठे ही बिल का भुगतान किया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार अब तक 20 प्रतिशत लोग ऑनलाइन व पेटीएम एप के माध्यम बिजली बिल का भुगतान करते थे। वहीं 80 प्रतिशत लोग कतार में लगकर बिल का भुगतान करते हैं। इससे उपभोक्ता सहित कर्मचारियों को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन नए एप को मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद कहीं पर भी बैठकर बिजली का बिल जमा कर सकते हैं।
एक साल पहले तक उपभोक्ताओं के पास बिल भुगतान के लिए सीमित साधन थे, लेकिन अब कंपनी ने बिजली बिल भुगतान के लिए कई सुविधाएं शुरू कर दी हैं। इसका पूरा लाभ उपभोक्ता उठा रहे हैं। बिल भुगतान के लिए हाल ही में उपलब्ध कराए गए मोबाइल एप की सुविधा का उपयोग भी उपभोक्ता करने लगे हैं। इसके माध्यम से घर से ही एंड्रायड मोबाइल से आसानी से बिल का भुगतान किया जा रहा है। इसके लिए उपभोक्ताओं को अपने एंड्रायड मोबाइल पर एमपीपीकेव्हीव्हीसीएल जेबीपी बिजली बिल एप डाउनलोड करना होता है।
इस एप के उपयोग के लिए उपभोक्ता को अपने एंड्राइड मोबाइल के प्ले स्टोर में अंग्रेजी में एमपीपीकेव्हीव्हीसीएल जेबीपी बिजली बिल लिखकर उसे डाउनलोड व इंस्टॉल करना होगा। एप्लीकेशन खुलते ही उसे साइन अप करते हुए उपभोक्ता को अपना एकाउंट बनाना होगा। साथ ही 6 अंकों का पिन बनाना होगा। बिल के भुगतान के दौरान एप में आईव्हीआरएस नंबर डालने का मैनू आएगा, जिसमें उपभोक्ता को अपने बिल में दिए कनेक्शन नंबर आईव्हीआरएस नंबर दर्ज करना होगा। जिसे सबमिट करने के बाद पे नाऊ पर क्लिक करने पर बिल में दिए गई राशि दर्ज करनी होगी। इस ऑप्शन के बाद आप अपने एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड व अन्य कार्डों के ऑप्शन आएंगे। जिसका पिन देने के बाद उपभोक्ता के कार्ड से यह राशि कट जाएगी व बिजली बिल जमा हो जाएगा।
बिजली बिल जमा करने वाले एमपीपीकेव्हीव्हीसीएल जेबीपी बिजली एप शहर में चार मॉह से लागू कर दिया गया है। जिसमें उपभोक्ताओं के द्वारा इसके माध्यम से बिल जमा भी किया जा रहा है।
विनोद लोखण्डे - कार्यापालन यंत्री- विद्युत विभाग सिवनी।