सिवनी

रेलवे स्टेशन में लिफ्ट सुविधा का इंतजार, बुजुर्ग, दिव्यांगों की फूल रही सांस

बड़ी बात यह है कि ऐसी स्थिति दो वर्ष से अधिक समय से है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट का निर्माण तो कराया जा रहा है, लेकिन लगभग डेढ़ साल बाद भी कार्य पूरा नहीं हो पाया है।

2 min read
Apr 30, 2026

एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने में होती है दिक्कत, लंबी दूरी करनी पड़ती है तय


सिवनी. रेलवे स्टेशन में एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए बुजुर्ग एवं दिव्यांग यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लिफ्ट की सुविधा न होने से यात्री या तो लंबी दूरी तय करके दूसरे प्लेटफॉर्म पर पहुंच रहे हैं या फिर उन्हें 50 से अधिक सीढिय़ों को चढकऱ पहुंचना पड़ रहा है। बड़ी बात यह है कि ऐसी स्थिति दो वर्ष से अधिक समय से है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट का निर्माण तो कराया जा रहा है, लेकिन लगभग डेढ़ साल बाद भी कार्य पूरा नहीं हो पाया है। करोड़ों रुपए की लागत से बनाए गए सिवनी रेलवे स्टेशन में बुजुर्गों एवं दिव्यांगों को लिफ्ट सुविधा न होने से उन्हें दिक्कत हो रही है। सीढ़ी चढऩे से बुजुर्गों की सांस फूलने लगती है। गोपालगंज निवासी 70 वर्षीय सोहनलाल ने बताया कि वे अक्सर केवलारी जाते हैं। शाम की गाड़ी प्लेटफॉर्म नंबर-दो पर आती है। प्लेटफॉर्म के आगे वाले हिस्से में अंधेरा रहता है। ऐसे में प्लेटफॉर्म नंबर एक से लगभग आधा किमी आगे दी गई सुविधा का उपयोग नहीं कर पाते। सीढ़ी चढकऱ ही प्लेटफॉर्म नंबर-दो पर जाना पड़ता है। ऐसे में बहुत दिक्कत होती है। अगर लिफ्ट सुविधा होती तो समस्या नहीं आती। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को बुजुर्गों का ध्यान रखना चाहिए। जरुरतमंदों के लिए काफी परेशानी होती है। जब तक कार्य पूरा नहीं हो जाता तब तक कोई और विकल्प भी रखना चाहिए।

कई कार्य हो चुके हैं पूरे, कुछ अधूरे
मंडल के 15 चिन्हित स्टेशनों में 29 लिफ्ट एवं 14 एस्कलेटर का प्रावधान किया गया है। यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा प्रदान करने हेतु स्टेशन पर उन्नत व आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेटिंग हॉल, जरूरी सुविधाओं में खान-पान, पीने का पानी, एटीएम, इंटरनेट, वॉशरूम, कवर शेड, स्टैंडर्ड साइनेज, स्टेशनों को ग्रीन स्टेशन का रूप देते हुए प्राकृतिक रोशनी और वेंटिलेशन का प्रावधान, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन के अनुकूल सुविधाएं आदि कार्य होने थे। इसमें से कई कार्य पूरे हो चुके हैं और सुविधा मिल रही है तो कुछ कार्य पूरे होने में अभी समय लगेगा।

यह होती है परेशानी
रेलवे स्टेशन पर बुजुर्गों, बीमारों और दिव्यांगजनों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए सीढिय़ों का उपयोग करना पड़ता है। इससे काफी परेशानी होती है। अगर स्टेशन में लिफ्ट सुविधा हो जाएगी तो काफी हद तक परेशानी दूर हो जाएगी।

Published on:
30 Apr 2026 11:46 am
Also Read
View All