बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया तिराहे पर लग्जरी कार से बाबा के भेष में आए दो बदमाशों ने एक युवक से 38 हजार रुपए लूट लिए और सिवनी की तरफ फरार हो गए।
सिवनी. जबलपुर जिले में लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सिवनी पहुंचे दो आरोपियों को सिवनी पुलिस ने धर दबोचा। इसके बाद जबलपुर पुलिस को सौंपा। घटना शनिवार की है। बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया तिराहे पर लग्जरी कार से बाबा के भेष में आए दो बदमाशों ने एक युवक से 38 हजार रुपए लूट लिए और सिवनी की तरफ फरार हो गए। जबलपुर पुलिस ने तत्काल सिवनी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घेराबंदी कर लखनादौन एवं आदेगांव थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार में मौजूद तीन अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया गया। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने लूटे गए 38 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं।
ये है मामला
जबलपुर के ग्राम बरगी निवासी पवन कुमार पटेल(34) ठेकेदारी का काम करते हैं। शनिवार दोपहर 3 बजे वे अपने साथी चेतराम सरोते के साथ जा रहे थे। इसी दौरान खमरिया तिराहे पर एक लग्जरी कार में बाबा के वेश में आए दो लोगों ने एक गली में पवन को रोक लिया। बातचीत के बाद आरोपियों ने चमत्कार दिखाने के नाम पर जमीन से मिट्टी उठाकर उसे रुपए में बदलने का दिखावा किया। इसी दौरान आरोपियों ने पवन के पास रखे 38 हजार रुपए छीन लिए और सिवनी की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने 8 घंटे में बालिका को किया बरामद
ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत डूंडासिवनी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एक नाबालिग बालिका को उसके लापता होने के महज आठ घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा।
11 अप्रेल को प्राथीं अभिभावक ने थाना डूंडासिवनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्ष 8 माह की बेटी अपने घर ग्राम बंजारी से रात्रि में कहीं चली गई है। आसपास तलाश करने पर भी वह नहीं मिली। थाना प्रभारी चैनसिंह उडक़े ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना स्तर पर टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू की। 8 घंटे में बालिका को बरामद कर लिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक चैनसिंह उडक़े, सउनि संजय बघेल, उमेश्वरी चौधरी, विक्रम देशमुख सहित अन्य शामिल रहे।