सिवनी

जिले में थम नहीं रही अवैध शराब की बिक्री, महिलाएं हो रही लामबंद

प्रशासन से गांव में शांति व्यवस्था बनाने की मांग, जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन

less than 1 minute read
Sep 05, 2025

सिवनी. जिले में अवैध शराब बिक्री को लेकर महिलाएं आए दिन प्रदर्शन कर रही हैं। कभी कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दे रही हैं तो कभी जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत कर रही हैं तो कभी खुद ही ढाबों में अवैध शराब पकडकऱ पुलिस को सौंप रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इन सबके बावजूद भी जिम्मेदार आबकारी विभाग सक्रिय नहीं हो रहा है। छोटी-मोटी कार्यवाही कर औपचारिकता निभाई जा रही है। मंगलवार को लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम आमाकोला की महिलाओं ने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की।
ग्राम की महिला समूह अध्यक्ष तिजियया बाई डेहरिया के नेतृत्व में काफी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंची महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में कुछ लोग महुआ से बनी अवैध शराब का निर्माण और बिक्री कर रहे हैं। इसके अलावा देशी लाइसेंसधारी शराब भी दुकानों से लाकर बेची जा रही है। महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब की वजह से गांव के पुरुष अधिक मात्रा में शराब का सेवन कर रहे हैं। जिससे महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। विरोध करने पर गाली-गलौच और मारपीट की धमकी दी जाती है। ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की जाए और अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी कार्यवाही कर गांव में शांति बहाल की जाए। ग्रामीणों मेंं मिथलेश, सरिता यादव, रोशनी, श्रृद्धा, संगीता, संतोषी, रामकेश, माया डहेरिया सहित अन्य महिलाएं एवं पुरूष सामिल रहे।

Published on:
05 Sept 2025 05:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर