सिवनी. नगर के वार्ड नंबर 3 शिवनगर वार्ड स्थित चमारी मार्ग तिराहे पर जनता की सुविधा के लिए बनाया गया सुलभ शौचालय प्रशासन की लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी के चलते लोकार्पण के बाद भी पिछले आठ माह से शो-पीस बना हुआ है। 40 लाख की लागत से बने इस सर्वसुविधायुक्त परिसर का लोकार्पण 21 […]
सिवनी. नगर के वार्ड नंबर 3 शिवनगर वार्ड स्थित चमारी मार्ग तिराहे पर जनता की सुविधा के लिए बनाया गया सुलभ शौचालय प्रशासन की लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी के चलते लोकार्पण के बाद भी पिछले आठ माह से शो-पीस बना हुआ है। 40 लाख की लागत से बने इस सर्वसुविधायुक्त परिसर का लोकार्पण 21 जून 2025 को सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया था। हालांकि अब तक आम जनता को इसकी सुविधा नहीं मिल सकी। हालांकि नगर परिषद सीएमओ गीता बाल्मिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आगामी दो दिनों के भीतर सुलभ कॉम्प्लेक्स का संचालन अनिवार्य रूप से शुरू किया जाए। निर्धारित समय में काम शुरू नहीं होता है, तो ठेकेदार का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा। बता दें कि साढ़े तीन साल पहले नगर में स्वच्छता के प्रति जागरुकता सहित नागरिक सुविधा को लेकर नगर के चार अलग-अलग स्थानों पर सुलभ शौचालय निर्माण के लिए टेंडर निकाला गया था। इनमें से चमारी मार्ग स्थित शौचालय तो बनकर तैयार है, लेकिन संचालन नहीं हो रहा है। वहीं, नगर के सबसे व्यस्त इलाके बस स्टैंड पर शौचालय की समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। जिससे आम जनता सहित बाहर से आने वाले यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
जनता और व्यापारियों में आक्रोश
स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने मांग की है कि केवल नोटिस तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि जल्द से जल्द शेष चिन्हित स्थानों पर भी सुलभ शौचालय का निर्माण और संचालन सुनिश्चित किया जाए।
इनका कहना है…
वार्ड नंबर-3 शिव नगर स्थित सुलभ शौचालय के ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है। आगामी दो से तीन दिन में संचालन शुरू नहीं होने पर ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा।
गीता बाल्मिक, सीएमओ, नगर परिषद, छपारा