सिवनी

उद्घाटन से पहले ही बह गया था ब्रिज, अब तक पूरा नहीं हो पाया काम

वर्ष 2020 में बह गए थे दो ब्रिज, अब तक महज एक का कार्य संतोषजनक

2 min read
Oct 22, 2025

सिवनी. पांच वर्ष पहले संजय सरोवर भीमगढ़ बांध से छोड़े गए पानी के तेज बहाव में सुनवारा एवं भीमगढ़ के पास वैनगंगा नदी में दो ब्रिज बह गए थे। इसमें से एक ब्रिज का कार्य कुछ दिन पहले ही हुआ था और उद्घाटन होना शेष था। वर्ष 2024 में दोनों ब्रिज का निर्माण कार्य शुरु किया गया। हालांकि इसमें से सुनवारा के पास बन रहे ब्रिज का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। छोटे वाहन भी आने-जाने लगे हैं जबकि भीमगढ़ के पास बन रहे ब्रिज का कार्य धीमी गति से चल रहा है। कार्य लगभग 40 प्रतिशत ही हो पाया है। ऐसे में इस ब्रिज का कार्य पूरा होने में एक साल से अधिक का समय लग सकता है। बता दें कि दोनों ही ब्रिज के बन जाने से सैकड़ों गांव के लोगों के लिए आवागमन सुलभ हो जाएगा। वर्तमान में ग्रामीणों को काफी लंबी दूरी तय करना पड़ रहा है।

उद्घाटन से पहले ही बह गया था ब्रिज
वर्ष 2020 में भारी बारिश एवं संजय सरोवर बांध से छोड़े गए पानी के चलते 3 करोड़ रुपए की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की भीमगढ़-सुनवारा सडक़ में वैनगंगा नदी पर बना पुल बाढ़ के पानी में बह गया था। हालांकि पुल का लोकार्पण होना बाकी था। बाढ़ के कारण पुल के 10 फीट ऊपर तक पानी बहने लगा था। वैनगंगा नदी के प्रचंड वेग को पुल नहीं झेल सका। पुल का ऊपरी हिस्सा भी पानी के साथ बह गया। वही टाइप के नीचे खड़े किए गए टी गार्डर भी बाढ़ में ध्वस्त हो गए थे। ग्रामीणों ने पुल के निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। वहीं वैनगंगा नदी में आई बाढ़ में भीमगढ़ बस्ती के पास बना पीडब्ल्यूडी ब्रिज कार्पोरेशन का डेढ़ सौ मीटर लंबा पुल भी ध्वस्त हो गया था। साल 2011-12 में ब्रिज कारपोरेशन ने लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से पुल का निर्माण कराया था। पुल छपारा से भीमगढ़ को जोड़ता था। पुल निर्माण में भ्रष्टाचार को लेकर कई लोगों पर कार्रवाई भी की गई थी। इसके बाद नया पुल निर्माण कार्य शुरु किया गया जो अब तक अधूरा है।

8 करोड़ की लागत से हो रहा कार्य
वैनगंगा नदी में लोक निर्माण विभाग द्वारा सुनवारा के पास लगभग 8 करोड़ की लागत से वहीं भीमगढ़ के पास प्रधानमंत्री सडक़ योजना के तहत ब्रिज निर्माण कार्य किया जा रहा है। सुनवारा गांव के पास ब्रिज बनकर लगभग तैयार है। जबकि भीमगढ़ के पास बन रहे ब्रिज का कार्य संतोषजनक नहीं लग रहा है।

मार्च 2026 तक का है लक्ष्य
ब्रिज निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए एजेंसी को मार्च 2026 तक लक्ष्य दिया गया है। हालांकि जिस तरह से कार्यों की गति है उस तरह से वर्ष 2026 में भीमगढ़ के पास ब्रिज का कार्य पूरा होना मुश्किल लग रहा है।

विद्यार्थियों को हो रही अधिक परेशानी
ब्रिज का कार्य पूरा न होने से लोगों को दूसरे मार्ग से लंबा सफर तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी छात्र-छात्राओं एवं बीमार लोगों को हो रही है। विद्यार्थी समय पर स्कूल एवं कॉलेज नहीं पहुंच पाते। वहीं बीमार लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचने में परेशानी होती है।

Published on:
22 Oct 2025 02:32 pm
Also Read
View All

अगली खबर