सिवनी

परिषद के सम्मिलन में जर्जर पानी की टंकी गिराने का प्रस्ताव हुआ निरस्त

विशेष सम्मिलन में शहर की पेयजल व्यवस्था हेतु भीमगढ़ बांध से की जा रही जलापूर्ति को लेकर जलकर भुगतान के संबंध में भी प्रस्ताव रखा गया।

3 min read
Feb 24, 2026

गीता भवन के लिए तलाशी जाएगी नई जगह

सिवनी. नगर पालिका परिषद सिवनी का विशेष सम्मिलन सोमवार को हल्की गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। सम्मिलन में 58 प्रस्ताव रखे गए। जिसमें से अधिकर सर्वसम्मति से पास हो गए। निर्णय लिया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के स्वीकृत बजट कोड में राशि परिवर्तन के लिए शासन से अनुमति ली जाएगी। इसके जलप्रदाय शाखा अंतर्गत लगने वाली जलप्रदाय मरम्मत, संधारण एवं फिटिंग सामग्रियों की वार्षिक दरें आमंत्रित किया जाएगा। विशेष सम्मिलन में शहर की पेयजल व्यवस्था हेतु भीमगढ़ बांध से की जा रही जलापूर्ति को लेकर जलकर भुगतान के संबंध में भी प्रस्ताव रखा गया। निर्णय लिया गया कि नगर पालिका दस प्रतिशत का भुगतान संबंधित विभाग को करेगी। शेष राशि के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा। दरअसल संजय सरोवर भीमगढ़ बांध से सिवनी शहर की पेयजल आपूर्ति हो रही है। नगर पालिका द्वारा विगत 18 वर्ष से जलकर का भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में अक्टूबर 2025 तक बकाया राशि 4,17,10,420 रुपए तक पहुंच गई है। सम्मिलन में निर्णय लिया गया कि तत्काल नगर पालिका सिवनी द्वारा 10 प्रतिशत भुगतान कर दिया जाए और शेष राशि के लिए जनहित में माफी किए जाने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा जाए। वहीं एनएच-44 पर पांच ब्लैक स्पॉट गोरखपुर, बंडोल, राहीवाड़ा, भोंगाखेड़ा एवं नगझर बाइपास की पाईप लाइन के नवीन विस्तार के लिए 9.97 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा जलप्रदाय योजना के लिए भीमगढ़ बांध में डैम के पास 16 एमएलडी क्षमता का इंटकबेल निर्माण कार्य कराए जाने, ग्रीष्मऋतु में भीमगढ़ बांध के जलस्तर कम होने की स्थिति में अस्थायी व्यवस्था हेतु फ्लोटिंग इन टैंक के निर्माण, किंदवाई वार्ड में हनुमान मंदिर के पासा सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा।

36.45 लाख की लागत से मोक्षधाम में बनेगा बाउंड्रीवॉल
विशेष सम्मिलन में कबीर वार्ड डूंडासिवनी स्थित मोक्षधाम में 36.45 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य प्रस्ताव पर भी मुहर लगी। वहीं विभिन्न वार्ड में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, किंदवई वार्ड में भूतेश्वर मंदिर के पास निर्माणाधीन सामुदायिक भवन निर्माण कार्य की समयावधि बढ़ाने जाने का निर्णय लिया गया।

गीता भवन के लिए तलाशी जाएगी नई जमीन
नगर पालिका सिवनी द्वारा बीते 2 सितंबर 2025 को आयोजित किए गए विशेष सम्मिलन में गीता भवन निर्माण कार्य सीबी रमन वार्ड में कराए जाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि जगह छोटी होने की वजह से अब नई जगह तलाशने का निर्णय लिया गया है। वहीं भगत सिंह वार्ड स्थित मानस भवन के पीछे नगर पालिका पार्किंग स्थल पर डामरीकरण एवं नाली निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा भगतन सिंह वार्ड में नगर पालिका ऑफिस के पास से पार्किंग स्थल तक सडक़ डामरीकरण कराया जाएगा।

ठेकेदारों को नोटिस जारी कर दिया जाएगा समय
नगरीय क्षेत्र के विभिन्न वार्ड में ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्य समय पर न किए जाने को लेकर भी विशेष सम्मिलन में चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि ठेकदारों को नोटिस जारी कर समय दिया जाए। इसके बाद भी काम पूरा नहीं होता है तो उन्हें ब्लैक लिस्टेड किया जाए। वहीं अशोक वार्ड बुधवारी बाजार चिल्हर सब्जी मंडी में निर्माणाधीन शौचालय निर्माण की कार्य की समयावधि भी बढ़ाई जाएगी। वहीं अम्बेडकर वार्ड पुराना बैल बाजार में सीसी रोड एवं नाली निर्माण, नगरीय क्षेत्र में सडक़, नाली के मरम्मत कार्य, मुख्यमंत्री अधोसंरचना चतुर्थ चरण अंतर्गत नवीन कार्यालय भवन निर्माण का निर्णय लिया गया।

छिडिय़ा पलारी में श्वनों का सेल्टर हाउस
विशेष सम्मिलन में एबीसी टाइप श्वानों के लिए छिडिय़ा पलारी में 55 लाख रुपए की लागत से सेल्टर हाउस बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इसके अलावा महामाया वार्ड में सीसी रोड निर्माण, तिलक वार्ड में पिपलेश्वर हनुमान मंदिर के सामने पेवर ब्लॉक कार्य, भगत सिंह वार्ड में नहर वाली रोड से बड़े नाले तक आरसीसी नाला निर्माण, कस्तुरबा वार्ड में छिंदवाड़ा चौक से फिल्टर चौक तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य, किंदरई वार्ड के रेवती नगर में गार्डन निर्माण कार्य कराए जाने का निर्णय लिया गया।

जर्जर पानी की टंकी गिराने का नहीं हुआ निर्णय
विशेष सम्मिलन में महामाया वार्ड में महामाया मंदिर के पास अत्यधिक जर्जर पानी की टंकी को जनहित को दृष्टिगत रखते हुए गिराने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे निरस्त कर दिया गया। वहीं कटंगी रोड पर बन रहे विद्युत शवदाह निर्माण कार्य की समयावधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

ई-वाहन नहीं डीजल और पेट्रोल वाहन प्राथमिका
कचरा संग्रहण करने हेतु ई-टिप्पर वाहन खरीदने को लेकर विशेष सम्मिलन में सहमति नहीं बन पाई। सभी का कहना था कि इसमें मेंटनेंस अधिक लगता है इसलिए शासन से पेट्रोल एवं डीजल वाले वाहन खरीदने के लिए पत्राचार किया जाए। इसके अलावा 22 लाख रुपए की लागत से फायर सेफ्टी सामग्री, डाक वितरण कार्य के लिए बाइक की खरीदी करने, वाहन गैरिज निर्माण कार्य का प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।

Published on:
24 Feb 2026 02:04 pm
Also Read
View All

अगली खबर