- कल से तीन महीने के लिए बंद हो जाएंगे कोर के गेट
सिवनी. पेंच टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में 30 जून यानि आज रविवार को अंतिम दिन देश-विदेश के पर्यटक जंगल सफारी कर सकेंगे। एक जुलाई से कोर एरिया के गेट तीन महीने के लिए बंद कर दिए जाएंगे। पेंच प्रबंधन ने कोर एरिया के टुरिया, कर्माझिरी गेट बंद करने के बाद होने वाली गश्ती और मेंटनेंस के कार्यों की तैयारी कर ली है।
एक जुलाई से 30 सितम्बर तक पेंच पार्क में कोर एरिया पर्यटकों के लिए हर वर्ष बंद रहता है। एक अक्टूबर से फिर कोर के गेट खुलते हैं। इस वर्ष भी उक्त अवधि में पेंच प्रबंधन कोर एरिया में सडक़ व भवनों की मरम्मत, सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त करता है।
पेंच टाइगर रिजर्व के बाघ-बाघिन, तेंदुआ, काला तेंदुआ, बायसन, चीतल और कई तरह के पशु-पक्षी और पहाड़ी, चट्टानों के बीच बहती नदी, तालाब और पेड़-पौधों का अनुपम सौंदर्य नजर आता है। यहां आने वाले पर्यटक कहते हैं, दुनिया में कहीं और ऐसा नजारा देखने को नहीं मिलता।
बफर क्षेत्र में साल भर पर्यटन जारी रहता है। जब कोर के गेट बंद होते हैं, तब बफर एरिया में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि अधिकांश पर्यटकों की पहली पसंद कोर क्षेत्र ही होता है। यहीं बड़ी संख्या में रिसोर्ट और दूसरी सुविधाएं पर्यटकों को मिलती हैं। पेंच टाइगर रिजर्व का सबसे अधिक राजस्व कोर क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों से ही मिलता है। इसी वजह से पार्क प्रबंधन भी कोर एरिया में खास ध्यान देता है।
इन कामों को करने की है तैयारी-
कोर एरिया में 30 जून को अंतिम दिन पर्यटक जंगल सफारी करेंगे। इसके बाद टुरिया गेट, कर्माझिरी गेट पर तीन महीने के लिए ताला लग जाएगा। इस दौरान पेंच पार्क प्रबंधन जंगल में शिकारियों की आमद को रोकने, वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाएगा। कर्मचारियों का पुन: वीट निर्धारण होगा। पेंच की जिन सडक़ों पर पर्यटक जंगल सफारी करते हैं, उनकी मरम्मत कराई जाएगी। जिन भवनों पर कर्मचारी निवास करते हैं या जहां निगरानी के लिए टॉवर लगाए गए हैं, उनकी मरम्मत कराई जाएगी।
अंतिम दिन के लिए फुल बुकिंग-
पेंच टाइगर रिजर्व के कोर की बुकिंग अंतिम दिन के लिए भी फुल रही। देश-विदेश के पर्यटकों ने ऑनलाइन बुकिंग कई दिनों पहले से करा चुके हैं। रविवार को सुबह की शिफ्ट में अधिकतम 49 और शाम की शिफ्ट में 50 जिप्सी वाहनों का पेंच के टुरिया, कर्माझिरी गेट से प्रवेश मिल सकेगा। पार्क के सभी रूट पर जंगल सफारी हो रही है। बाघ-बाघिन आसानी से नजर आने के कारण कोर के साथ बफर क्षेत्र में भी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
इनका कहना है -
पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी के कोर एरिया में सोमवार से तीन महीने के लिए गेट बंद हो जाएंगे। रविवार को पर्यटकों का कोर में इस पर्यटन वर्ष के अंतिम दिन भ्रमण होगा। क्लोज सीजन में मेंटनेंस, गश्ती और अन्य रूटीन के काम होंगे। पर्यटक बारिश के दिनों पेंच के वनों का सौंदर्य बफर एरिया रूखड़ गेट से प्रवेश कर आनंद ले सकते हैं।
रजनीश सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी