आक्रोशित होकर काफी बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष खाली डिब्बे लिए नेशनल हाईवे-44 पर धरने मे बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
सिवनी. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जल समस्या गहराने लगी है। तीन दिनों से अलग-अलग क्षेत्रों में ग्रामीण सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन कर चुके हैं। गुरुवार को जिले के छपारा थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशगंज अंतर्गत आने वाले बिजना गांव में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे-44 पर उतरकर प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर वाहनों के पहिए रोक दिए। काफी देर तक सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के सभी हैंडपंप और जलस्रोत पूरी तरह सूख चुके हैं। पीने के पानी के लिए महिलाओं को कोसों दूर भटकना पड़ रहा है। इसी समस्या से आक्रोशित होकर काफी बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष खाली डिब्बे लिए नेशनल हाईवे-44 पर धरने मे बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था करने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि वे इस समस्या को लेकर कई बार जनसुनवाई में शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया।
बुधवार को भी पानी की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत नगझर के ग्रामीणों ने सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया था। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या सुलझाई। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ था।