जल संकट से जूझ रहे लोगों को राहत देने की कवायद, देर रात तक वार्डों में होती रही सप्लाई
सिवनी. नगर में जल संकट बरकरार है। लगातार चौथे दिन भी देर रात तक शहर के अधिकतर वार्डों में नगर पालिका ने टैंकरों से पानी पहुंचाकर लोगों को राहत प्रदान की। संजय सरोवर बांध से पानी की सप्लाई को लेकर कोई स्थाई निराकरण नहीं हो पाया है। दूसरी तरफ जल संकट से जूझ रहे सिवनी शहर की जनता की मदद को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने भी अपने हाथ बढ़ा दिए हैं। भाजपा ने बारापत्थर स्थित कार्यालय में कंट्रोल रूम बना दिया है। भाजपा ने आसपास के पंचायत से कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से आव्हान किया कि वे टैंकर लेकर शहर में पहुंचे और लोगों तक पानी पहुंचाने में मदद करें। पार्टी ऐसे लोगों के लिए डीजल, आवास, भोजन की व्यवस्था भी कर रही है। वहीं कांग्रेस ने भी कार्यकर्ताओं और लोगों से आव्हान किया। कहा कि जिन साथियों के गांव में जल समस्या नहीं है और उनके पास टैंकर है तो वे अपने गांव से टैंकरों में पानी भरकर शहर के जलसंकट को दूर करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। संभव हो तो टैंकर में गांव से ही पानी भरकर लाएं। इसके बाद नगर पालिका के लोकल स्त्रोतों से टैंकर भरकर जल वितरण करें। पार्टी द्वारा डीजल की व्यवस्था जिला कांग्रेस से की जाएगी और टै्रक्टर चालक के रूकने एवं भोजन की व्यवस्था जिला कांग्रेस कार्यालय से होगी। पार्टियों के आव्हान का असर भी दिखा।
देर रात तक होती रही सप्लाई
वार्डों में मंगलवार को सुबह से लेकर देर रात तक लगभग 60 टैंकर से पानी की सप्लाई हुई। रात 11 बजे तक टैंकर वार्डों में घूमते रहे। वहीं राजनीतिक पार्टियों के आव्हान पर गांवों से लाए गए टैंकरों से भी पानी की सप्लाई हुई।
बावरिया तालाब से पानी लाने की कवायद
सिवनी नगर की जनता पानी के लिए त्राही-त्राही कर रही है। इसके बावजूद भी प्रशासन अब तक इसका कोई स्थाई हल नहीं निकाल पाई है। हालांकि मंगलवार को नगर पालिका ने बावरिया तालाब से फिल्टर प्लांट तक पानी लाने के लिए कवायद शुरु कर दी। सुबह से लेकर शाम तक बैठकों का दौर भी जारी रहा। संजय सरोवर बांध से भी इंटकवेल तक पानी पहुंचाने के लिए कार्य चल रहा है।
माचागोरा डैम से भी 15 दिन पानी
जल संसाधन विभाग मंगलवार को भी माचागोरा डैम से सिवनी के लिए पानी देने को लेकर निर्णय नहीं ले पाया। उनका कहना है कि अगर अभी डैम से पानी दिया तो काफी परेशानी होगी। शासन का काफी पैसा डूब जाएगा। इसके अलावा सबसे बड़ी बात यह है कि अगर हमने जनता के लिए पानी दे भी दिया तो वह 15 दिन से अधिक नहीं चल पाएगा। ऐसे में जरूरी है कि अभी बावरिया तालाब एवं संजय सरोवर बांध भीमगढ़ से पानी की सप्लाई की व्यवस्था किया जाए। दोनों ही जगह पर प्रर्याप्त पानी है।
इनका कहना है…
बावरिया तालाब में सिवनी शहर को पानी देने के लिए प्रर्याप्त पानी है। तत्काल वहां से पानी शहर को दिया जा सकता है। तब तक संजय सरोवर बांध से भी इंटकवेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा सकती है। इसके बाद भी अगर समस्या रही तो फिर माचागोरा डैम से पानी दिया जा सकता है। अभी माचागोरा डैम से पानी छोड़ दिया तो भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न होगी।
अशोक डेहरिया, सीई, जल संसाधन विभाग