एसआई को फोटो भेज ब्लैकमेल कर रुपयों की कर रहे थे डिमांड दो आरोपी गिरफ्तार
शहडोल. शहर के पटेल नगर में पुलिस अधिकारी द्वारा पत्नी की गोली मारकर हत्या के बाद खुदकुशी के मामले में पुलिस ने जांच के बाद दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक एसआई की पत्नी के परिचित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने अलग- अलग जगहों में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की। जिसके बाद नया मोड़ सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय आर्मो एसआई हीरा सिंह की पत्नी रानी सिंह से पिछले कई वर्षों से संपर्क में था। दोनों का घर भी आना जाना था। बाद में संजय आर्मो से रानी सिंह की नजदीकियां बढ़ गई थी। हाल ही में पत्नी रानी सिंह मायके गई थी। इस दौरान महिला आरोपी सोनू यादव के संपर्क में लगातार थी। इसी बात को लेकर संजय आर्मो ने विवाद किया। बाद में फोटो भेजकर महिला और एसआई हीरा सिंह को ब्लैकमेल करने लगा। प्रताडऩा से तंग आकर एसआई ने घर पहुंचकर पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या की। बाद में खुद को गोली मार ली थी। पुलिस ने आरोपी संजय आर्मो और सोनू यादव निवासी अनूपपुर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से जांच टीम पूछताछ कर रही है।
घटना से पहले भी महिला ने किया था खुदकुशी का प्रयास
एसआई का पत्नी के साथ विवाद घटना के तीन दिन पहले से चल रहा था। आरोपी संजय के फोटो भेजने और ब्लैकमेल करने के बाद महिला रानी सिंह ने भी खुदकुशी का प्रयास किया था। इसके बाद भी आरोपी की प्रताडऩा खत्म नहीं हुई तो एसआई बाइक से रीवा से शहडोल पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी को बताया
एसआई हीरा सिंह आरोपी संजय की प्रताडऩा से इतना ज्यादा तंग आ गया था कि पत्नी की हत्या के बाद उसे हत्या की खबर भी दी। पूछताछ में ये भी सामने आया है कि हीरा सिंह द्वारा अच्छा न होने की बात कहकर फोन काट दिया गया था। पत्नी की हत्या के कुछ समय बाद एसआई ने भी खुद को गोली मारली।
पूरे परिवार का नजदीकी था संजय, सबसे ज्यादा था विश्वास
आरोपी संजय महिला का पिछले कई वर्षों से परिचय था। एक-दूसरे के घर भी आना जाना बना रहता था। एसआई हीरा सिंह भी आरोपी संजय को परिवार का हिस्सा मानता था और बहुत विश्वास करता था। कई बार पत्नी को संजय के साथ ही गांव भेजा था। पत्नी से नजदीकियों की बात जानने के बाद घटना के कुछ दिन पहले से हीरा सिंह काफी परेशान था।
सुसाइड नोट में मिले सुराग के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कई तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी एसआई और पत्नी को ब्लैकमेल कर रहे थे। मामले की जांच की जा रही है।
अवधेश गोस्वामी, एसपी शहडोल।