
अंधेरा होते ही नदी से शुरू हो जाता था अवैध खनन
पुलिस ने अवैध परिवहन करते चार वाहन पकड़े, मामला दर्ज
शहडोल. कोयलांचल के बुढ़ार और अमलाई क्षेत्र में खनन माफिया जगह जगह सोन नदी को छलनी कर रहे हैं। अमलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया है। पुलिस की यह कार्रवाई शनिवार की रात की है। अमलाई निरीक्षक अरूण पांडेय ने बताया कि बटुरा सहित आसपास के नदी से रेत खनन कर चार वाहन अवैध परिवहन कर रहे थे, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। बताया गया कि सुनील मिश्रा निवासी सरईकांपा के वाहन क्रमांक एमपी १८ जीए ३८१५, उत्तम सोनकर के वाहन क्रमांक एमपी १८ जीए ०५७३, जीतेन्द्र यादव निवासी ओपीएम के बिना नंबर के वाहन से रेत का अवैध तरीके से परिवहन किया जा रहा था। इसी तरह विजय गुप्ता निवासी धनपुरी के वाहन से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने चारो वाहनों को थाने में खड़ा करा लिया है। पुलिस के अनुसार चारों वाहन मालिकों के पास रेत खनन और परिवहन से संबंधित कोई दस् तावेज नहीं थे। अंधेरा होते ही यहां सक्रिय हो जाते थे और खनन कर परिवहन करते थे।
--------------------------------
पूरा नहीं हुआ अतिरिक्त कक्ष का निर्माण
शहडोल - गोहपारू जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पटोरी के प्राथमिक शासकीय विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण 8 वर्षों बाद भी पूरा नहीं हुआ है। जो कभी भी अपने गुणवत्ताहीन निर्माण के कारण गिर सकता है। तत संबंध में सूत्र बताते हैं कि ग्राम पंचायत पदाधिकारियों ने लगभग 80 हजार रूपये का कार्य किया और शेष राशि तत्कालीन उपयंत्री अभिनव श्रीवास्तव ने डीपीसी मदन त्रिपाठी के संयुक्त हस्ताक्षर से आहरण पत्र जारी किया जाकर पूर्व सरपंच एवं सचिव के साथ मिल कर बंदरबाट कर लिया, और इसी कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया। इसी तरह ग्राम पंचायत पटोरी के अन्य कार्य अधूरे पड़े है।
---------------------------------
सट्टा पर्ची काटते दो पकड़ाए
शहडोल - कोयलांचल के धनपुरी में जुआ सट्टा पुलिस से बेखौफ होकर चल रहा है। राजनीतिक रसूख में सट्टा कारोबार से जुड़े लोग बेधड़क सट्टा पर्ची एजेंटों के माध्यम से कटवा रहे हैं। धनपुरी पुलिस ने गोल बाजार में दो युवकों को सट्टा पर्ची काटते पकड़ा है लेकिन मुख्य सरगना का नाम नहीं उगलवा सकी है। पुलिस ने सुरेश दास बैरागी को सट्टा पर्ची और नकदी के साथ पकड़ा है। आरोपी गोल बाजार में सट्टा पर्ची काट रहा था। यहां पर कृष्णकुमार को भी सट्टा पर्ची काटते पकड़ा है। पूछताछ में अब तक पुलिस सरगना का नहीं नहीं जुटा पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।