शहडोल

इस अहम बैठक में खुल गई भाजपा संगठन की पोल, संगठन मंत्री ने दिया अल्टीमेटम

पढि़ए पूरी खबर

2 min read
Jun 06, 2018
bhartiya janta party news
इस अहम बैठक में खुल गई भाजपा संगठन की पोल, संगठन मंत्री ने दिया अल्टीमेटम

शहडोल- एक ओर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बूथ को मजबूत करने की बार-बार नसीहत दे रहे हैं, दूसरी ओर शहडोल भाजपा के संगठन का हुलिया बिगड़ा हुआ है। संगठन मंत्री जितेंद्र लिटोरिया ने सोमवार को भाजपा के संभागीय कार्यालय में बैठक ली। इसमें नगर अध्यक्ष सुदीप शुक्ला ही मौजूद नहीं थे। इसके अलावा 69 बूथ प्रभारियों में से सिर्फ 29 बूथ प्रभारी मौजूद रहे। संगठन की यह हालत देखकर संगठन मंत्री का माथा ठनक गया। उन्होंने नगर और जिलाध्यक्ष को संगठन की हालत जल्द सुधारने का अल्टीमेटम दिया है।


बैठक में संगठन मंत्री ने कहा कि जो भाजपा कार्यकर्ता काम नहीं करना चाहते वो संगठन से खुद अलग हो जाएं। उन्होंने एक सप्ताह की समय सीमा में बूथ लेवल पर बूथ प्रभारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान नगर में 13 पालक संयोजकों की नियुक्ति की गई। जो बूथ लेवल पर सक्रिय पार्टी कार्यकर्ताओं की तैनाती कर संगठन को मजबूत करंेंगे।

भाजपा जिला अध्यक्ष इन्द्रजीत छाबड़ा की पत्नी पर नगरपालिका धनपुरी अध्यक्ष रहते जो भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, पार्टी हाईकमान ने उसे गंभीरता से लिया है। इससे यह माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा जिला अध्यक्ष भी बदला जा सकता है। आरोपों के कारण छाबड़ा को नगरपालिका धनुपरी अध्यक्ष की टिकट भी खतरे में पड़ती दिखाई दे रही है। बैठक में नाराज संगठन मंत्री ने भाजपा जिला अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह छाबड़ा और नगर अध्यक्ष सुदीप शुक्ला को अल्टीमेटम दिया है।


जिलाध्यक्ष के लिए सुगबुगाहट

बैठक में संगठन मंत्री के तेवर को देखते हुए पार्टी नेताओं में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। एक दिन के अंतराल में ही अध्यक्ष के लिए कई दावेदारों के नाम भी हवा में तैरने लगे। नगर अध्यक्ष को लेकर भी दावेदारों में कसमसाहट शुरू हो गई है। कुछ वरिष्ठ लोग इसे बहुत जल्दबाजी की बात कहकर टाल रहे हैं, लेकिन पार्टी के कर्ता-धर्ता भी सतर्क हो गए हैं।

Published on:
06 Jun 2018 05:59 pm