शहडोल

एक महीने तक चलेगा दस्तक अभियान

घर-घर जाकर होगा फोकस

2 min read
Dec 09, 2017
Dastak campaign will run for one month
Dastak campaign will run for one month

शहडोल. जिले में 18 दिसंबर से 18 जनवरी तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के सभी शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इस दौरान कुपोषित बच्चों, एनिमिक बच्चों, दस्त एवं डायरिया रोग से पीडि़त बच्चों को चिह्नित किया जाएगा तथा बच्चों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य ने बताया कि जिन बच्चों को जन्मजात विकृतियां हैं ऐसे बच्चों को समुचित उपचार मुहैया कराया जाएगा।

कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि बच्चों में रोगों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन-ए की दवाइयां मुहैया कराई जाएंगी साथ ही ओआरएस पैकेट का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों का टीकाकरण भी किया जाएगा। छह माह के बच्चों को किस प्रकार का आहार खिलाया जाए इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। गंभीर एनिमिक बच्चों को ब्लड भी चढ़ाया जाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर ने बैठक ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले का कोई भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। सीएमएचओ को निर्देश दिए कि वे जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों का व्हाट्सअप ग्रुप बनाएं और हर तीन घंटे की प्रगति की जानकारी कलेक्टर को दें। कलेक्टर ने कहा कि अभियान में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
-------------------------------------

स्टेगर्ड रेस्ट का विरोध, गेट पर मीटिंग
धनपुरी. गुरुवार सुबह 10 बजे धनपुरी ओसीएम माइंस में गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इस मौके पर बीएमएस सोहागपुर महेन्द्र पाल एवं एटक यूनियन के महामंत्री संग्राम सिंह ने स्टेगर्ड रेस्ट का विरोध किया। कहा कि कोल इंडिया में कार्यरत कर्मचारियों को इसके लागू होने से नुकसान है। जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कोल इंडिया को इस निर्णय से पीछे हटना होगा। अगर इसके बाद भी इस निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो विरोध तेज किया जाएगा। सोहागपुर एरिया में प्रतिदिन एक गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी। 11 दिसंबर को सोहागपुर महाप्रबंधक कार्यालय के पास आमसभा होगी। एसईसीएल बिलासपुर जेसीसी सदस्य अवधराज सिंह, एटक के अध्यक्ष रामसिंह, बीएमएस से सुरेन्द्र क्लीमेंस मौजूद रहे।

Published on:
09 Dec 2017 06:00 pm