पुलिस ने दर्ज कर लिया मामला, उड़ा दी पूरी रकम
अनूपपुर. डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए बैंक, सरकार, दूसरी कंपनियां जागरूकता अभियान चला रहीं हैं, लेकिन उनके पास इस तरह के केसा का कोई तोड़ नहीं है। कॉलरी से रिटायर कर्मचारी के खाते से रिटायरमेंट में मिली पूरी रकम उड़ा ली गई और उसे पता ही नहीं चला। जब वह बैंक किसी काम के लिए रुपए निकालने गया तो बैंक के बाबू की बात सुनकर उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। वह सिर पकड़कर वहीं पर बैठ गया। बाबू ने बताया कि उसके खाते में एक भी पैसा नहीं है। उसके खाते से तो लाखों रुपए की धोखाधड़ी करके दूसरे खाते में पूरी रकम ट्रांसफर कर ली गई है।
कंपनियां और बैंक कहते हैं कि डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए अपना डेबिट कार्ड नंबर, ओटीपी आदि की जानकारी किसी को न दें चाहे वह बैंक कर्मचारी ही क्यों न हो। लेकिन जब इस तरह का केस सामने आए तो बैंक और पुलिस क्या कर सकते हैं।
कुछ इस तरह है मामला
60 वर्षीय रमोले प्रजापति जो अगस्त 2018 में कॉलरी से रिटायर हुए थे। जब वे सेवानिवृत्त हुए तो उन्हें फंड का और दूसरे मदों में लाखों रुपए मिला था। उनका ये पूरा पैसा बैंक खाते में जमा था। जब लाखों रुपए की रकम बैंक खाते में जमा थी तो रमोले प्रजापति को ये भरोसा था कि आगे की जिंदगी उनकी चैन-सुकून से कटेगी। लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका सुकून जल्द ही कोई छीनने वाला है। ये सुकून कोई और नही कोई अपना ही उनको इतनी तगड़ी चपत लगाएगा। 21सितंबर को जब वे किसी काम से अपने बैंक खाते से कुछ रकम निकालने पहुंचे तो बताया गया कि उनके खाते में एक भी पैसा नहीं है। उनके खाते से 11 सितम्बर से 17 सितम्बर के दौरान नेट बैंकिंग के माध्यम से 30 लाख रुपए की राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर कर ली गई है। जब रमोले ने इस पूरे मामले की पड़ताल की तो उनका दिल ही टूट गया। ये रकम ट्रांसफर करने वाला कोई और नहीं उनकी बेटी ही है। उसने ही पूरी रकम अपने और अपने पहचान के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर ली है। जब पूरी रकम ट्रांसफर हो गई तो वह कॉलेज जाने के बहाने18 सितम्बर को लापता हो गई।
इन पर दर्ज कराया गया मामला
कोतमा थाना के गोविंदा कॉलरी में एक पुत्री ने अपने ही पिता के साथ धोखाधडी करते हुए खाते से 30 लाख की बड़ी रकम को अपने एंव अन्य खातों में ट्रांसफर कर फरार हो गई। मामले में पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जहां पुलिस ने जांच उपरांत पुत्री के खिलाफ धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज कर अलग-अलग ठिकानों पर तलाश कर रही है। कोतमा थाना प्रभारी आरके बैस ने बताया कि जुलाई माह के दौरान पुत्री गुलाबवती प्रजापति ने नेट बैंकिंग एवं एटीएम कराने की सुविधा बताकर बैंक ले जाकर अपडेट कराया साथ ही पासवर्ड एवं यूजर आईडी की भी गोपनीय जानकारी ले ली। घर में रहने के दौरान ही उसने पिता की पूरी रकम पर हाथ साफ कर दिया और किसी को पता भी नहीं चला।
पुलिस तलाश रही युवती को
पुलिस के द्वारा बैंक एवं गोपनीय शाखा से सूत्र जुटाकर युवती एवं उसके सहयोगियों को लेकर लगातार तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी युवती पकड़ ली जाएगी।
आरके बैस, थाना प्रभारी कोतमा