शहडोल

मुख्यमंत्री के आने से पहले ही यहां लगे मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे

जानिए राज्यस्तरीय सम्मेलन से पहले कहां और क्यों हो गया हंगामा ?
2 min read
• •
Updated: 30 Mar 2018, 1:57 PM IST
Even before the arrival of CM, Slogans of CM Murdabad

शहडोल- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज राज्य स्तरीय बैगा सम्मेलन में हिस्सा लेने शहडोल आ रहे हैं। ये सम्मेलन शहडोल से कुछ ही दूर लालपुर गांव में है। जहां भारी भीड़ जुटने की संभावना है। क्योंकि ये राज्य स्तरीय बैगा सम्मेलन है। यहां प्रदेश के अलग-अलग जगह से बैगा समुदाय के लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सारी व्यवस्थाएं दुुरुस्त कर ली हैं। लेकिन मुख्यमंत्री के आने से पहले ही हंगामा भी मच गया। जहां मंडला से आ रहे बैगा समुदाय के कुछ लोग नाराज हो गए।

मुख्यमंत्री के आने से पहले ही हंगामा
राज्य स्तरीय बैगा सम्मेलन में तो मुख्यमंत्री शाम को शामिल होंगे। लेकिन उससे पहले ही हंगाम मच गया। दरअसल मंडला से बैगा जनजाति समुदाय के कुछ लोग लालपुर सम्मेलन में शामिल होने आ रहे थे। तभी सिंहपुर रोड में उन्हें खाना दिया गया। जो बेहद ही खराब था। खाने में फफूंद लगी सब्जी, और पूड़ी देने से बैगा समुदाय के लोग भड़क गए। और हंगामा मचाने लगे। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए सिंहपुर रोड में प्रदर्शन भी करने लगे।

मुख्यमंत्री के अलावा ये भी होंगे शामिल
आदिवासी संभाग होने के चलते शहडोल में बैगाओं का ये बड़ा सम्मेलन माना जा रहा है। बैगाओं को मुख्य धारा से जोडऩे की दिशा में सीएम कई बड़ी घोषणाएं भी यहां पर कर सकते हैं। बैगा सम्मेलन सह
विकास यात्रा में कई मंत्री, अजजा आयोग अध्यक्ष सहित सांसद और विधायक भी शामिल रहेंगे। सीएम के अलावा उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, अध्यक्ष अजजा नरेन्द्र मरावी, बैगा विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रामलाल बैगा, सांसद ज्ञान सिंह, रीति पाठक, विधायक प्रमिला सिंह, जयसिंह मरावी, रामपाल सिंह, जिपं अध्यक्ष नरेन्द्र मरावी, भाजपा अध्यक्ष इन्द्रजीत छाबड़ा मौजूद रहेंगे।

15 घंटे तक शहडोल में रहेंगे सीएम
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 30 मार्च को दोपहर 3 बजे भोपाल से रवाना होकर शाम 4 बजे उमरिया हवाई पट्टी पहुंचेगें। मुख्यमंत्री उमरिया से शाम 4.15 बजे प्रस्थान कर शाम 4.45 बजे शहडोल के बुढ़ार लालपुर गांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां आयोजित बैगा सम्मेलन में शामिल होंगे तथा रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री 31 मार्च को सुबह 7 बजे लालपुर से प्रस्थान कर सुबह 7.30 बजे उमरिया हवाई पट्टी पहुंचेगे और उमरिया से 7.45 बजे प्रस्थान कर 8.45 बजे भोपाल पहुंचेगे। 15 घंटे तक सीएम शिवराज शहडोल में रहेंगे।

49.44 करोड़ का करेंगे भूमिपूजन
प्रशासनिक अधिकारियों की मानें तो इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 49.44 करोड़ के कार्यों की आधारशिला रखेंगें। वहीं 18 करोड़ 21 लाख से अधिक के कार्यो का लोकार्पण भी करेंगें। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा बैगा समाज के लिए कई सौगात भी मिल सकती है।

संभाग से 80 हजार को शामिल करेंगे
बैगा सम्मेलन में संभाग से 80 हजार बैगा परिवार के लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। आदिवासी बाहुल्य जिला शहडोल से 40 हजार, अनूपपुर से 10 हजार और उमरिया से 30 हजार बैगा परिवार को सम्मेलन में लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विशालकाय पंडाल लगाया गया है। पंडाल में बड़े-बड़े एलसीडी भी लगाए गए हैं।

Published on: