सिंचाई के बढ़ते साधन और खेती की आधुनिक तकनीक बन रही किसानों की मददगारशहडोल. जिले में इस समय खेतों में सुनहरी उम्मीदें लहरा रही हैं। बीते तीन वर्षों में रबी फसलों के रकबे में लगातार बढ़ोतरी ने यह साफ कर दिया है कि जिले के किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढकऱ लाभकारी फसलों की […]
सिंचाई के बढ़ते साधन और खेती की आधुनिक तकनीक बन रही किसानों की मददगार
शहडोल. जिले में इस समय खेतों में सुनहरी उम्मीदें लहरा रही हैं। बीते तीन वर्षों में रबी फसलों के रकबे में लगातार बढ़ोतरी ने यह साफ कर दिया है कि जिले के किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढकऱ लाभकारी फसलों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। खास तौर पर गेहूं की खेती किसानों की पहली पसंद बनती जा रही है। कृषि विभाग के आंकड़े बताते हैं कि उत्पादन, समर्थन मूल्य और सिंचाई सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन ने किसानों का भरोसा मजबूत किया है। यही कारण है कि हर साल रबी सीजन में गेहूं जौ, चना, मटर, सरसों व अलसी की बोनी का दायरा बढ़ता जा रहा है। गेहूं के साथ-साथ दलहन और तिलहन की खेती में भी वृद्धि दर्ज हुई है।
वर्ष 2023-24 में जिले में रबी फसल का कुल रकबा 97 हजार 910 हेक्टेयर रहा। इसके बाद वर्ष 2024-25 में यह बढकऱ 103 हजार 940 हेक्टेयर पहुंच गया। वहीं वर्ष 2025-26 में रबी का कुल रकबा 113.26 हजार हेक्टेयर तक जा पहुंचा है। यानी बीते तीन वर्षा में रबि फसल का रकवा 15 हजार 350 हेक्टेयर रकवा बढ़ा है। लगातार बढ़ता यह आंकड़ा किसानों के बढ़ते आत्मविश्वास और बेहतर उत्पादन की उम्मीदों को दर्शाता है।
इस वर्ष 2025-26 में गेहूं का रकबा 75 हजार 120 हेक्टेयर दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि निर्धारित रकबे में शत-प्रतिशत गेहूं की बोनी की जा चुकी है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 5 हजार 120 हेक्टेयर अधिक में खेती की गई है। कृषि विभाग के अनुसार किसान अब अन्य पारंपरिक रबी फसलों की अपेक्षा आधुनिक तरीके से गेहूं की खेती को अधिक लाभकारी मानते हुए प्राथमिकता दे रहे हैं।
केवल गेहूं ही नहीं, बल्कि दलहन और तिलहन फसलों में भी विस्तार हुआ है। इस वर्ष दलहन की खेती 16 हजार 09 हेक्टेयर तथा तिलहन की खेती 20 हजार 300 हेक्टेयर में की गई है। यह दर्शाता है कि किसान फसल विविधिकरण की दिशा में भी सजग हैं।
रबी फसल के बढ़ते आंकड़े
फसल 2023-24 2024-25 2025-26
गेहूं 67.08 70.55 75.12
जौ 1.44 1.63 1.75
चना 9.83 10.23 12.00
मटर 1.22 1.49 1.80
सरसों 9.59 10.30 11.80
अलसी 7.23 7.71 8.50
कुल 97.91 103.94 113.26
अंाकड़े कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इकाई हजार हेक्टेयर में