
lokayukta team caught asi taking bribe red handed
MP News: मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं लोकायुक्त रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के शहडोल जिले का है जहां लोकायुक्त रीवा की टीम ने एक रिश्वतखोर एएसआई (ASI) को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा है।
शहडोल जिले के गंधिया गांव के रहने वाले फरियादी हरीदीन साहू ने 30 मार्च को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में जयसिंहनगर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एहसान खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में फरियादी ने बताया था कि उसके भाई श्रवण कुमार साहू की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद विरोध प्रदर्शन करने पर पुलिस ने 18 लोगों पर चक्काजाम का मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में जमानत दिलाने के एवज में ASI एहसान खान ने प्रति व्यक्ति 2500 रुपए की रिश्वत मांग उससे की है।
लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर गुरुवार को फरियादी हरीदीन साहू को रिश्वत के 2 हजार रुपये देने के लिए रिश्वतखोर एएसआई एहसान खान के पास भेजा। रिश्वत की रकम देने के लिए एएसआई ने फरियादी को अपने किराए के घर पर बुलाया। घर पर जैसे ही एएसआई एहसान खान ने रिश्वत के रुपये लिए तो लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम के मुताबिक ये भी पुष्टि हुई है कि एएसआई अन्य आरोपियों से भी पैसे की मांग कर रहा था। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्ती जारी है और भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब किसी पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया है बीते दिनों इससे पहले 27 मार्च को खरगोन में भी लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर ASI को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। खरगोन जिले के कसरावद थाने में पदस्थ ASI रवींद्र कुमार गुरू ने चंदावड़ गांव तहसील भगवानपुरा के रहने वाले श्यामलाल उपाध्याय से उसके खिलाफ दर्ज शिकायत का निवारण करने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। फरियादी के द्वारा रिश्वतखोर ASI रवींद्र कुमार गुरू की शिकायत इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में की। लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच की और शुक्रवार को बस स्टैंड पर ASI रवींद्र कुमार गुरू को फरियादी श्यामलाल उपाध्याय से 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा।
Published on:
02 Apr 2026 07:59 pm
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
