शहडोल

जोर जबरदस्ती की तो दर्ज होगी एफआईआर

त्यौहार में अनैतिक गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की पैनी निगाह

2 min read
Feb 27, 2018
FIR will be filed for force
FIR will be filed for force

शहडोल. होली के त्यौहार के दौरान जोर जबरजस्ती कर चंदा वसूल करने वालों के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज की जाएगी। होली के दौरान नगर में पुलिस चौकसी बढ़ाई जाएगी, जिससे असमाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी। उक्त निर्देश कलेक्टर नरेश पाल ने होली त्यौहार की तैयारियों और शांति समिति की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने नरेश पाल ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे होली का पर्व शांति और सौहार्द पूर्वक मनाएं उन्होंने कहा कि होली का पर्व उमंग एवं उत्साह का पर्व है इस पर्व को नागरिक आपसी भाईचारा, शांति और एक दूसरे की गरिमा का ध्यान रखते हुए मनाएं। कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए लोग होली पर्व में हरे-भरे वृक्षों की रक्षा करते हुए परंपरागत तरीके से होली मनाएं तथा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए सूखे रंगों का उपयोग करें। कलेक्टर ने कहा कि होली में केमिकलयुक्त रंग प्रतिबंधित रहेंगें, नागरिक केमिकलयुक्त रंगों, पेंट, ग्रीस, कीचड़ आदि का उपयोग न करें। कलेक्टर ने कहा कि होली का पर्व शांति एवं सौहार्द पूर्वक मनाया जाए, होली पर्व में किसी के घर में रखी उपयोग की लकडिय़ों को अनावश्यक जलाया न जाए ना ही हरे भरे वृक्षों को अनावश्यक काटा जाए। कलेक्टर ने कहा कि तेज आवाज में डीजे बजाने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि होली पर्व पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, पुलिस पेट्रोलिंग करेगी तथा हर समय सजग रहकर कार्य करेगी। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे होली पर्व पर बिजली के तारों के नीचे होली जलाने न दें। कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि वे होली पर्व पर जिला अस्पताल में इमरजेंसी व्यवस्था रखेंगे। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को भी निर्देश दिए कि वे थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित करेंगें तथा लोगों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से होली का पर्व मनाने का संदेश देंगें।
पुलिस का रहेगा पहरा
पुलिस अधीक्षक सुशांत कुमार सक्सेना ने कहा कि होली पर्व पर जिले के सभी क्षेत्रों में माकूल सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे होली पर्व में अनावश्यक रूप से चंदा एकत्रित न करें तथा लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि होली के चंदे के नाम पर नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाले व्यक्तियों की शिकायत मिलने पर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नपा अध्यक्ष उर्मिला कटारे ने कहा कि होली पर्व उमंग और उत्साह का पर्व है इस पर्व को सभी नागरिक सौहार्द एवं शांति पूर्वक ढंग से मनाएं। उन्होने कहा कि होली में केमिकल युक्त रंगों का उपयोग नहीं करें। इस दौरान एसडीएम सोहागपुर लोकेश जांगीड़, डिप्टी कलेक्टर सतीश राय, नपा उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, राजेश राजेवश्वर उदानिया, शान उल्ला खान, अमरनाथ चौधरी सहित नगर के अन्य लोग उपस्थित थे।

Published on:
27 Feb 2018 09:19 am