
शहडोल. शहर के बाइपास बाणगंगा के नजदीक आपसी विवाद पर एक ऑटो चालक पर बदमाशों ने राड से हमला कर दिया। घटना शनिवार की सुबह लगभग दस बजे के आसपास की बताई गई है। मामले की शिकायत पीडि़त मोहम्मद इमाम खान ने पुलिस से की है। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि ऑटो में मेढकी से सवारी लेकर शहडोल आया था। बाणगंगा के नजदीक सवारियों को उतार रहा था तभी पुराने विवाद पर राधे तिवारी, शिवम द्विवेदी, हरिकृष्ण द्विवेदी, सत्यम द्विवेदी, हर्षित द्विवेदी, प्रिंस गुप्ता, अंकुर तिवारी राड और लोहे की पाइप लेकर पहुंच गए और अभद्रता करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने राड से हमला कर दिया। खुलेआम दबंगों ने बेरहमी से बीच रोड में राड और डंडे से युवक को पीटते रहे। बाद में राहगीर और आसपास के लोगों ने बीच बचाव करते हुए युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान युवक के सिर, हाथ और पैर में चोट आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टे्रन से छात्रा का मोबाइल हुआ चोरी
शहडोल. इंदौर से परीक्षा देकर नर्मदा एक्सप्रेस से वापिस शहडोल लौट रही शहर की एक छात्रा का ट्रेन में मोबाइल चोरी हो गया। शिकायत पर जीआरपी पुलिस ने मामला कायम करते हुए जांच शुरु कर दी है। जीआरपी थाना प्रभारी एलपी कश्यप ने बताया कि शहर की कुछ छात्राएं इंदौर परीक्षा देने के लिए गईं थी। एक छात्रा ने मोबाइल सीट पर रख दिया और सो गई। नरसिंहपुर में छात्रा की नींद खुली तो मोबाइल गायब था।
ज्यादती के आरोपी को दस साल की सजा
शहडोल. किशोरी से ज्यादती के मामले में सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश ने आरोपी को दस साल की सजा सुनाई है। विशेष लोक अभियोजक अरविंद द्विवेदी के अनुसार 15 अगस्त 2014 की रात 12 बजे लगभग आरोपी राकेश यादव ने घर से एक किशोरी को अगवा कर लिया था। इसके बाद अलग अलग जगहों में रखकर ज्यादती की थी। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए बाद में किशोरी को आरोपी के घर से दस्तयाब किया था। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश डीके पालीवाल द्वारा की जा रही थी। मामले में आरोपी दोषी पाया गया। न्यायालय ने आरोपी को दस साल की सजा सुनाई है। प्रकरण में अभियोज की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक अरविंद द्विवेदी द्वारा की गई।
लेट आई तीन ट्रेनें
शहडोल. एक्सप्रेस व लंबी दूरी की ट्रेनों का लेट आने का क्रम जारी है। शनिवार को भी तीन ट्रेने पूरे आठ घंटे लेट शहडोल स्टेशन पहुंची। इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्री स्टेशन पर ही इंतजार करते रहे तो कुछ दूसरी ट्रेन मे गए। शनिवार की तड़के सुबह ५ बजे आने वाली रीवा एक्सप्रेस दोहपर 1:30 बजे, तो सुबह 7:30 की नौतनवा एक्सप्रेस दोपहर 3:30 पर शहडोल रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा सुबह ९ बजे आने वाली गोंदिया एक्सप्रेस शाम 5 बजे शहडोल आई।