शहडोल

वाहन में शादी के सामान लादने से पहले पढ़ लें ये खबर, नहीं हो सकती है बड़ी दिक्कत

पढि़ए पूरी खबर...
2 min read
• •
Updated: 28 Apr 2018, 10:52 AM IST
GST will remain on dowry content read full news

बुधवार से लागू हो गया है 11 वस्तुओं पर इंट्रा स्टेट इ-वे बिल
अब दहेज की सामग्री पर भी रहेगा जीएसटी का पहरा
वाहन में सोफा-फर्नीचर लादने से पहले जनरेट करो इ-वे बिल या घरेलू सामान का दो प्रमाण

शहडोल- शादियों का सीजन चल रहा है, जहां देखों वहां शादी हो रही है, ढोल नंगाड़े, शहनाईयां बज रही हैं, जहां देखों वहां खुशी का माहौल है, पार्टियां चल रही हैं। लेकिन अगर आपके घर में शादी हो रही है, और शादी का सामान अगर आप घर ले जा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए नहीं आप बड़ी दिक्कत में फंस सकते हैं।

दरअसल शादियों में जब बारात वापिस लौटती है तो बारात में जाने वाले वाहन दहेज की सामग्री से लदे रहते हैं। लेकिन अब दहेज की कुछ सामग्री पर जीएसटी विभाग का पहरा होगा। बुधवार से शुरु हुए इंट्रा स्टेट इ-वे बिल के तहत 50 हजार से अधिक कीमत के सामान को ५० किलोमीटर दूर ले जाने के लिए ट्रांसपोर्टर को इ-वे बिल जनरेट करना होगा।

जीएसटी विभाग ने माल परिवहन पर नजर रखने के लिए जांच टीम भी गठित कर दी है। शादियों की दहेज सामग्री पर या तो इ-वे बिल जनरेट करो या फिर घरेलु सामग्री होने का प्रमाण देना होगा। शादियों का सीजन चल रहा है और दहेज में शहर में मिले फर्नीचर और लकड़ी, इलेक्ट्रॉनिक्स सामग्री पर इ-वे बिल लागू हो चुका है।

ऐसी स्थिति में अब विभाग की नजर 50 हजार से अधिक कीमत की सामग्री पर रहेगी। बसों और विभिन्न वाहनों में उक्त सामग्री के लिए बस मालिक को या फिर दुकानदार या सामग्री मालिक तीनों में से किसी एक को इ-वे बिल जनरेट करना ही होगा। लेकिन अभी तक किसी भी बस ऑपरेटर ने जीएसटी पोर्टल पर इ-वे बिल जनरेट की प्रक्रिया शुरु नहीं की है। जिससे यात्री बसों के माध्यम से पार्सल सर्विस सहित अन्य कई तरह के सामानों की ढुलाई पर रोक लगना तय है।

व्यावसायिक वस्तुओं का होता है धड़ल्ले से परिवहन
यात्रियों के सामान ढुलाई की आड़ में बसों द्वारा व्यावसायिक वस्तुओं का परिवहन भी धड़ल्ले से किया जाता रहा है। हालांकि व्यावसायिक वस्तुओं का परिवहन पहले से ही अवैध है, लेकिन अब इसे जीएसटी के दायरे में लाया गया है। अब बिना इ-वे बिल जनरेट किए इनकी सामग्री प्रतिबंधित होगी।

इंटरनेट नहीं तो एसएमएस से जनरेट करो बिल
बिल जनरेट करने के लिए ट्रांसपोर्टर का नाम, वाहन नंबर और कैटेगरी डालनी होगी। इसमें सामान मालिक, दुकानदार और माल का ट्रांसपोर्ट करने वाला ऑपरेटर कोई भी इ-वे बिल जनरेट कर सकता है। यदि इंटरनेट की व्यवस्था नहीं है तो मोबाइल के एसएमएस से भी यह बिल जनरेट किया जा सकता है। इस बीच माल ढुलाई के दौरान यदि वाहन बदला जाता है तो भी इसकी सूचना इंटरनेट के माध्यम से देनी होगी।

दहेज की सामग्री है तो यह देना पड़ेगा प्रमाण
जीएसटी अधिकारियों की मानें तो 50 हजार से अधिक की दहेज सामग्री को ट्रांसपोर्ट करने के लिए यह प्रमाण देना आवश्यक है कि वह घरेलु सामग्री है। इसमें शादी का कार्ड, वार्ड पार्षद, नगर पालिका, परिषद, नगर निगम अध्यक्ष के साईन किया हुआ आवेदन मान्य होगा जिसमें शादी की सामग्री ट्रांसपोर्ट करने की सूचना दी होगी। यदि प्रमाण नहीं कर पाते हैं तो विभाग कार्रवाई करेगा।

अभी दायरे में 11 वस्तुएं शामिल
शहडोल जीएसटी सहायक आयुक्त प्रकाश सिंह बघेल के मुताबिक इंट्रा स्टेट इ-वे बिलिंग प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो चुकी है। अभी फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक आइटम सहित 11 प्रकार की वस्तुओं को इसमें शामिल किया गया है। इ-वे बिल की चेकिंग के लिए हमने अपने विभाग से इंस्पेक्टर लेबिल के अधिकारियों की टीम बनाई है।

Published on: