
शहडोल- गर्मी का सीजन है, और ये अपना रंग दिखाना शुरू कर चुकी है, तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं, सुबह से ही तेज धूप का अहसास होने लगता है, शहडोल में इन दिनों गर्मी अपने पूरे शबाब पर है। सुबह से लोग इससे बचने के लिए चेहरे पर कपड़ा ढककर ही निकलते हैं, और जैसे ही दोपहर के 11-12 बजते हैं टेंपरेचर बढ़ता है सड़कें सूनी हो जाती हैं। सड़कों में सन्नाटा पसर जाता है। आज भी गर्मी का कुछ ऐसा ही हाल है, टेंपरेचर लगातार बढ़ रहा है।
चटक धूप और गर्म हवाओं के चलते रविवार को शहर में लोग हालाकान रहे। सुबह ७ बजे के बाद तापमान में धीरे- धीरे बढ़ोत्तरी हुई और छह घंटे के भीतर तापमान में १० डिग्री उछाल आ गया। दोपहर दो से चार के बीच तापमान में सबसे ज्यादा इजाफा दर्ज किया गया है। हर दो घंटे में तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही थी और दोपहर होते ही तापमान ४१ डिग्री के आसपास जा पहुंचा। अनुमान है कि अप्रैल और मई में पिछले कुछ सालों की गर्मी का रिकार्ड भी टूट सकता है।
गर्मी के चलते रविवार को शहर में दोपहर में सन्नाटा रहा और इक्का दुक्का लोग नजर आए। सुबह ७ बजे से ही तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी थी और धीरे- धीरे तपिश बढ़ती गई। शाम के वक्त तापमान ४१ से लुढका लेकिन 39 के इर्दगिर्द घूमता रहा। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आगे भी तपिश ऐसी ही बढ़ती रहेगी।
शाम तक सिर्फ तीन डिग्री लुढका पारा
दोपहर दो से चार के बीच में सबसे ज्यादा शहर गर्म था। शहर में लू और गर्म हवाओं के थपेड़े चल रहे थे। चटक धूप भी लोगों को हालाकान कर रही थी। शाम के वक्त भी लोगों ने राहत महसूस नहीं की। शाम को तपिश बरकरार थी। तापमान में थोड़ी कमी आई लेकिन तापमान 38 के आसपास ही अटका रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा।
आंधी से परेशान हुए लोग
नगर में शाम आंधी तेज आंधी तूफान आने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शादी के मौसम में आंधी तूफान ने जमकर खलल पैदा कर दी और कई जगह लगे शादी के पंडाल उखड़कर जमीन में आ गए जिससे कार्यक्रम में बाधा पहुंची। वहीं आंधी तूफान आने के कारण नगर में जगह जगह कचरा फैलने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। शाम ४ बजे से आसमान पर बादल छाए रहे और शाम लगभग ५ बजे आंधी तूफान ने सबको अस्तव्यस्त कर दिया।
रात में 10 डिग्री की गिरावट
दोपहर के बाद शाम और रात के तापमान में एकाएक 10 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर दो बजे का तापमान 41 डिग्री था। जबकि शाम को एकाएक तापमान में गिरावट आई। शाम 5 बजे का तापमान 39 डिग्री था। इसके बाद शाम ७ बजे तापमान 36 में आ पहुंचा। इसके बाद रात 8 बजे 34 में आ गया। रिकार्ड के अनुसार रात में 10 डिग्री तापमान में कमी आई है।