
शहडोल- प्रोफेशनल टैक्स देने की अंतिम तारीख 31 मार्च है, इस वर्ष नियम में नए संसोधन भी किए गए हैं। 1 लाख 80 हजार सालाना आय वाले व्यक्ति के लिए नियम वही है। लेकिन इस वर्ष ऐसे व्यापारियों को भी प्रोफेशनल टैक्स देना होगा जिनका पंजीयन जीएसटी विभाग में है। चाहे उनका सालाना टर्न ओवर शून्य क्यों न हो। विगत वर्ष 10 लाख से कम टर्न ओवर वाले व्यापारियों को टैक्स में रियायत दी गई थी।
किसी भी दुकानदार या संस्था ने जीएसटी पंजीयन कराया है तो उसे सालाना 2500 रुपए का प्रोफेशनल टैक्स अदा करना पड़ेगा। चाहे उसका व्यापार चले या न चले। जनवरी 2018 में नए नियमों के मुताबिक यदि आपका जीएसटी पंजीयन है तो प्रोफेशनल टैक्स विभाग में जमा करना होगा, अन्यथा विभाग दो गुना पेनल्टी लगाएगा। अभी तक 10 लाख तक सालाना टर्न ओवर वाले व्यापारियों को कोई टैक्स नहीं देना पड़ता था।
प्रोफेशनल टैक्स के दायरे में सरकानी नौकरी पेशा व प्राइवेट संस्थाएं एजेंसियां और इनकम टैक्स के दायरे में आने वाले व्यक्ति पहले भी यह टैक्स दे रहे थे।
संशोधन नियम जुलाई से लागू किए
इस संबंध में वाणिज्यिक कर विभाग शहडोल द्वारा नोटिस देने की कार्रवाईयां भी की जा रहीं हैं। जीएसटी विभाग ने क्षेत्र के 1200 से अधिक व्यापारियों, संस्था प्रमुखों और दुकानदारों को नोटिस भेजे हैं। जिसमें कहा गया है कि पंजीकृत फर्म या व्यापारी ३१ मार्च तक प्रोफेशनल टैक्स जमा करें। जमा न करने की स्थिती में ब्याज सहित राशि वसूल की जाएगी। प्रदेश शासन की ओर से वृत्तिकर अधिनियम में संशोधन किया है। इसका प्रकाशन राजपत्र मे भी किया गया है। इसे मध्यप्रदेश वृत्तिकर संशोधन अधिनियम 2017 नाम दिया गया है। इसका प्रकाशन 8 जनवरी को किया गया है। संशोधन के नियम एक जुलाई 2०17 से लागू किए गए हैं।
छह करोड़ जमा हुआ प्रोफेशनल टैक्स
इससे पहले कारोबारियों से टर्नओवर के आधार पर प्रोफेशनल टैक्स लिया जाता था। इसमें 10 से 50 लाख सालाना कारोबार करने वाले को 2 हजार और 50 लाख से अधिक के टर्नओवर पर 25०० रुपए
प्रोफेशनल टैक्स देना जरुरी था। सरकारी नौकरी धारकों का पैसा आटोमेटिक कट जाता है। लेकिन प्राइवेट प्रैक्टिस और कंपनियां, ठेकेदार विभाग में सालाना यह प्रोफेशनल टैक्स जमा करते हैं। विगत वर्ष 7 करोड़, 35 लाख 17 हजार वृत्तिकर शहडोल और उमरिया से जमा हुआ था। इस वर्ष 6 करोड़ 20 लाख प्रोफेशनल टैक्स जमा हो चुका है।
सप्लायर और ठेकेदारों को मिलती थी रियायत
नए संसोधन अनुसार ऐसे व्यापारियों को भी टैक्स देना होगा जो सरकारी कार्य के लिए टिन नंबर लेते थे। हालांकि उनका व्यापार 10 लाख से नीचे होता था तो उन्हें साल के अंत में प्रोफेशनल टैक्स नहीं देना पड़ता था। सरकारी कार्यालयों में सप्लाई हो या १ से दो लाख के ठेके कार्य में लोग टिन नंबर लेने के लिए जीएसटी विभाग में पंजीयन कराते हैं। लेकिन अब उन्हें प्रोफेशनल टैक्स भी देना होगा।
विभाग में यह है स्थिति
- 4000 करीब पुराने व्यापारी जिन्हें दिया गया नया जीएसटी नंबर।
- 1500 नए पंजीयन हुए।
- करोड़ 35 लाख 17 हजार विगत वित्तीय वर्ष में मिला था वृत्तिकर।
- 6 करोड़ 20 लाख अब तक जमा हो चुका है इस वर्ष।
- 31 मार्च तक जमा करने हैं प्रोफेशनल टैक्स।
- 2 गुना लगेगी पेनल्टी, यदि समय पर जमा नहीं की राशि।
- 0 टर्न ओवर पर भी चुकना होगी 2500 रुपए की राशि।
- 12 व्यापारियों को वृत्तिकर चुकाने दिया गया है नोटिस।
- छोटे-बड़े व्यापारियों को एक समान राशि देनी होगी।
- इनकम टैक्स के दायरे में आने वाले लोग भी होंगे शामिल।
सरकार मनमर्जी पर उतारू है
टैक्स बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी के मुताबिक करदाता व्यक्ति के लिए तो नियम वही हैं लेकिन सालाना 10 लाख टर्न ओवर वाले छोटे व्यापारियों पर प्रोफेशनल टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है। सरकार मनमर्जी पर उतारू है।
जारी है नोटिस की कार्रवाई
जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त प्रकाश सिंह बघेल के मुताबिक जिनकी आय सालाना 1 लाख 80 हजार है उनको प्रत्येक वर्ष प्रोफेशनल टैक्स देना होता है। इस वर्ष ऐसे व्यापारियों को भी वृत्तिकर की 2500 राशि चुकानी होगी जिनका पंजीयन है। चाहे उनका टर्न ओवर शून्य क्यों न हो। नोटिस की कार्रवाईयां की जा रहीं हैं।