
शहडोल- आजकल ज्यादतर किसान परेशान ही नजर आ रहे हैं, किसी को फसल में नुकसान लग गया तो परेशान, किसी को फसल से आमदनी नहीं हो रही तो परेशान, लेकिन अगर थोड़ी सजग होकर, विशेषज्ञों की राय लेकर खेती की जाए तो उसे फायदे का सौदा बनाया जा सकता है। कुछ ऐसी ही कहानी है इस किसान की, जो पहले खेती को लेकर बहुत परेशान रहता था। क्योंकि उसे फायदा कम नुकसान ज्यादा होता था। लेकिन जब उसने खेती करने की तकनीक बदली, तो अब उसे फायदा ही फायदा हो रहा है। आलम ये है कि पहले किसान थोड़ी सी जमीन पर खेती करता था। लेकिन एक साल के मुनाफे को देखने के बाद अब वो उससे ज्यादा जमीन में खेती करना शुरू कर चुका है।
ऐसे लखपति बना किसान
शहडोल जिले के जयसिंहनगर विकास खंड के ग्राम पंचायत कौैआसरई के किसान गौरव सिंह इन दिनों बहुत खुश हैं, क्योंकि उन्हें अब खेती से नुकसान नहीं लग रहा है, बल्कि फायदा हो रहा है। किसान गौरव सिंह बताते हैं कि पहले वो गेहूं और धान की परंपरागत खेती किया करते थे। जिससे उन्हें प्रति एकड़ 12 से 15 हजार रुपए की ही आमदनी होती थी। साल 2016-17 में उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से
संपर्क करके उद्यानिकी खेती के आधुनिक गुर सीखे, उद्यानिकी अधिकारियों ने उन्हें नेट हाउस के लिए पैसे मुहैय्या कराया, और नेट हाउस के माध्यम से सब्जी की खेती करने की सलाह दी। गौरव बताते हैं कि उन्होंने पहले रवी सीजन में टमाटर की फसल ली, जिससे उन्हें लगभग 350 क्ंिवटल टमाटर का उत्पादन मिला। जिससे प्रेरित होकर उन्होंने खरीफ सीजन में खीरा, बरबटी की खेती शुरू कर दी। जिससे उन्हें खरीफ सीजन में 3 लाख 75 हजार रुपए की शुद्ध आमदनी हुई।
गौरव सिंह ने बताया कि उसने एक साल में सब्जी की खेती से 8 लाख 25 हजार रुपए की शुद्ध आमदनी हासिल की है। सब्जी की खेती में अच्छी आमदनी होने के चलते उन्होंने इस साल 2 हेक्टेयर में सब्जी की खेती करना शुरू कर दिया है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा भी है कि वो सब्जी की खेती कर अच्छी आय हासिल कर सकते हैं। और अपनी कृषि आय को दोगुनी कर सकते हैं।
गौरव सिंह का कहना है कि सब्जी की खेती हर किसान के लिये एक प्रेरणा है, जिससे हर किसान अपनी आय को दोगुना कर सकता है। उन्होंने कहा सब्जी की उन्नत खेती कर पशुपालन, मुर्गी पालन, बतख पालन जैसी गतिविधियां अपनाकर किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन सकता है। इस दिशा में सभी किसानों को पहल करना चाहिए।