दिया अल्टीमेटम कहा 10 दिन बाद फिर आकर करूंगा अस्पताल का निरीक्षण
सीएमएचओ और सिविल सर्जन को प्रभारी मंत्री ने लगाई फटकार
शहडोल- प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ला आज शहडोल दौरे पर हैं जहां वो कई कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। इसी दौरान प्रभारी मंत्री ने रोगी कल्याण समिति की बैठक में हिस्सा लिया। जहां उन्होंने सीएमएचओ राजेश पांडे और सिविल सर्जन एन के सोनी को कड़ी फटकार लगाई, ये फटकार प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल में अव्यवस्था और लापरवाही की वजह से लगाई है। रोगी कल्याण समिति की बैठक में राजेंन्द्र शुक्ला ने कहा अस्पताल की व्यवस्थाएं जल्द ठीक की जाएं, इसके चलते मरीजों को परेशानी नहीं होनी चाहिए, इतना ही नहीं प्रभारी मंत्री ने फटकार लगाते हुए अल्टीमेटम भी दिया है कि जिला अस्पताल की व्यवस्था देखने के लिए वो 10 दिन बाद फिर से निरीक्षण करेंगे। दरअसल पिछले कुछ समय से लगातार जिला चिकित्सालय की अव्यवस्था और लापरवाही उजागर होती रही है। जिसकी वजह से मरीजों को भी परेशान होना पड़ता है।
----------------------------------------
कॉलरी प्रबंधन ने काट दी बिजली, पानी सप्लाई रोकी
बरगवां- जनपद पंचायत जैतहरी के ग्रंाम पंचायत देवहरा अंतर्गत अमलाई मोहाड़ा का रविवार को विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामदास पुरी ने निरीक्षण किया। जिन्हें ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत देवहरा में वार्ड क्रमांक 6 व 7 अंतर्गत मोहाड़ा दफाई में बिजली और पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। कालरी प्रशासन ने बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया है। जबकि मोहल्ले में 1970 से रह रहे हैं । कालोनी में 3 कालरी कर्मचारी परिवार सहित लगभग 300 लोग रहते हैं। जिन्हे पानी व बिजली के लिये भटकना पड़ रहा है। विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से प्राधिकरण के मद से एक बोर कराने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया व बिजली की समस्या के निदान के लिये तत्काल कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सरपंच यदुराज पनिका ने बताया कि मोहल्ले में दो ट्रांस्फार्मर व 18 बिजली पोल के लिये ग्राँम पंचायत की तरफ से मॉग की गई थी लेकिन अभी तक बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोई पहल नहीं
किया है। जबकि यह आवासीय क्षेत्र घोषित है। उन्होने कालरी प्रबंधन द्वारा की जा रही हैवी व्लास्टिंग की ओर भी प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराया। इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष मनोज मिश्रा, सुशील तिवारी,मनीष तिवारी ,नवलकिशोर सिंह उपस्थित रहे।