जगह- जगह पानी का भराव, टूट गई पैवेलियन की कुर्सियां
शहडोल. नगर के इकलौते गांधी स्टेडियम का हाल बदहाल है, जिससे नगर के लोगों सहित दूर दराज से आने वाले खेल प्रेमियों और खिलाडिय़ों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नपा द्वारा स्टेडियम का उचित रखरखाव और मेंटेनेंस नहीं कराए जाने से जहां एक तरफ 106.80 लाख रुपए की लागत से कराए गए पैवेलियन निर्माण में लगाई गई कुर्सियां टूट रही हैं, वहीं स्टेडियम में जगह- जगह पानी का भराव होने से यहां आने वाले खिलाडियों और मार्निंग वाक पर आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि नपा परिषद चुनाव के पहले ही 2016-17 में पुरानी परिषद के कार्यकाल के दौरान पैवेलियन का निर्माण कराया गया था और जयसिंहनगर विधायक प्रमिला सिंह ने पैवेलियन का लोकार्पण किया था। स्टेडियम के रखरखाव के नाम पर नपा द्वारा इसके पहले 2014-15 में पैवेलियन में पेवर प्लाक लगाने और सीढ़ी तथा पैवेलियन में रेलिंग बनाए जाने के नाम पर लगभग 9 लाख रुपए से अधिक खर्च किए इसके बाद भी हालत खराब बनी हुई है।
पानी का हो रहा भराव
नगर के गांधी स्टेडियम में बारिश के दिनों में अब जगह-जगह पानी का भराव होने से लोगों का स्टेडियम में चलना और दौडऩा मुश्किल हो गया है। बताया गया है कि स्टेडियम के पश्चिम दिशा की ओर पानी की निकासी नहीं होने से पानी भराव की समस्या बनी हुई है। सीपेज का पानी आने की वजह से स्टेडियम मेे पानी का भराव होता है, जिसकी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से हालात खराब हैं।
बंद पड़े स्टेडियम के साउंड बाक्स
नपा द्वारा गांधी स्टेडियम के चारों ओर लगाए गए लगभग 12 साउंड बाक्सों में से आधा दर्जन से अधिक साउंड बाक्स खराब और बंद पड़े हुए हैं। बताया गया है कि 26 जनवरी और 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व तथा विशेष खेल के आयोजनों में साउंड बाक्सों का उपयोग किया जाता है, लेकिन उचित रखरखाव के अभाव के कारण साउंड बाक्सों का भी सुधार नहीं कराया जा रहा है।
कराया जाएगा मेंटेनेंस
15 अगस्त के पहले नगर के स्टेडियम का मेंटीनेंस का कार्य प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा, वहीं स्टेडियम में लगे बाक्सों का सुधार के साथ-साथ पैवेलियन में लगी क्षतिग्रस्त कुर्सियों का भी मेंटेनेंस कराया जाएगा।
एके तिवारी, सीएमओ नपा-शहडोल