हाल ही में आयोजित शालेय राज्य कराते प्रतियोगिता में अपने नाम किया स्वर्ण पदक। यह स्वर्ण पदक उन्होंने इंदौर के भारती अकादमी में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में हासिल किया है।
भोपाल/शहडोल। शहर की कराते खिलाड़ी आरती तिवारी ने कराते प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। अब जल्द ही वह उज्बेकिस्तान में भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आने वाली हैं। आपको बता दें कि उत्कृष्ट विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा ने यह स्वर्ण पदक इंदौर में आयोजित शालेय राज्य कराते प्रतियोगिता में हासिल किया है। प्रतियोगिता इंदौर के भारती अकेडमी में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित की गई थी। मार्शल आर्ट के कोच रामकिशोर चौरसिया के मुताबिक इस राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में 10 सम्भाग सहित आदिवासी विकास विभाग की टीम ने हिस्सा लिया था।
संभाग का किया प्रतिनिधित्व
संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए आरती तिवारी ने सीनियर आयु वर्ग 19 वर्ष की प्रतियोगिता के 53 किलो ग्राम वजन में स्वर्ण पदक जीत कर मध्यप्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन किया है।
उज्बेकिस्तान में भी करेंगी प्रदर्शन
कोच प्रमोद के मुताबिक आरती तिवारी ने विगत दिनों राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर अपना स्थान भारतीय दल में बना लिया है। अब वह 16 से 20 दिसंबर 2022 को आयोजित उज्बेकिस्तान एशियन खेल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। यहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगी।
कक्षा 7 से शुरू किया था एक खिलाड़ी का सफर
शहडोल की कराते खिलाड़ी आरती तिवारी ने कराते खिलाड़ी के रूप में कक्षा 7 में प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। आज वह 12वीं कक्षा में हैं। इतने कम समय में उन्होंने जो मुकाम हासिल किया है वह अपनी लगन और मेहनत के दम पर ही हासिल किया है। आपको बता दें कि एक सामान्य परिवार में जन्म लेने वाली आरती का सपना है कि वह अपने शहर और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा करें।