
शहडोल. नगर में पांच नई टंकियों के निर्माण के साथ ही पुरानी टंकियों के मरम्मतीरण व नई पाइप लाइन का विस्तार अमृत योजना के तहत किया जाना है। इसके लिए नगर पालिका ने पूर्व में प्रस्ताव बनाकर भेजा था, जिसे स्वीकृत मिल गई है। निर्माण कार्य व पाइप लाइन बिस्तार के लिए नगर पालिका ने टेण्डर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस कार्य में लगभग 20.95 करोड़ रुपए खर्च होंगे। राशि जारी होने के साथ ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नगर में कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां समुचित जलापूर्ति न होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा जो पाइप लाइन बिछाई गई है वह लगभग 40 वर्ष पुरानी है और जगह-जगह फूटी हुई है। ऐसे में पूरा पानी व्यर्थ में बह जाता है और लोगों के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पाइप मेन पाइप लाइन विस्तार के साथ जर्जर पुरानी पाइप लाइनों को बदलने का कार्य भी अमृत योजना के तहत करेगी।
पांच नई टंकियों का होगा निर्माण
अमृत योजना के तहत जलापूर्ति के लिए नगर के पांच अलग-अलग स्थानो में नई टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इन टंकियों का निर्माण आकाशवाणी कॉलोनी, निगम कॉलोनी, भुई बांध, पुरानी बस्ती व अंबेडकर नगर में किया जाना है। इसके अलावा छह पुरानी टंकियों के मरम्मतीकरण का कार्य भी किया जाना है।
साढ़े पांच किलोमीटर मेन लाइन का विस्तार
नगर में समुचित जलापूर्ति के लिए लगभग 82 किमी में नई पाइप लाइन का विस्तार किया जाना है। इसमें लगभग 40 वर्ष पुरानी ऐसी पाइप लाइन रिप्लेस की जाएंगी जो जगह-जगह से फूट चुकी है। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में पाइप लाइन का विस्तार नहीं हुआ है वहां पाइप लाइन बिछाकर हाउस सर्विस कनेक्शन दिए जाएंगे। साथ ही लगभग साढ़े पांच किलोमीटर फीडर मेन लाइन का भी विस्तार किया जाना है।
सरफा में लगेंगे 180 एचपी के दो नए पंप
नगर में जलापूर्ति के लिए सरफा डैम में बनाए गए फिल्टर प्लांट में लगे पंप काफी पुराने हो गए हैं। इस वजह से आए दिन उनमें खराबी आती है। अमृत योजना के तहत सरफा के पुराने पंपों को बदला जाना है। यहां 180 एचपी के दो नए पंप लगाए जाएंगे, इससे आए दिन आने वाली खराबी से निजात मिलेगी साथ ही पानी खींचने की क्षमता भी बढ़ेगी। इसके अलावा बल्क मीटर सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।
एक माह का और लगेगा समय
जानकारी के अनुसार नगर पालिका ने अमृत योजना के तहत कराए जाने वाले कार्यों को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है। टंकी निर्माण के लिए स्थल चयन किया जा रहा है। टेण्डर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। अंतिम स्वीकृति के लिए फाइल भोपाल भेजी गई है। स्वीकृति व राशि जारी होने की प्रक्रिया में लगभग एक माह का समय और लगेगा। राशि जारी होने के साथ ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इनका कहना
अमृत योजना के तहत समुचित जलापूर्ति के लिए 20.95 करोड़ की लागत से पाइप लाइन बिस्तार, टंकी निर्माण के साथ अन्य कार्य कराए जाने है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राशि जारी होने के साथ कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
शरद द्विवेदी, इंजीनियर नगर पालिका शहडोल