शहडोल

यहां मुश्किल में फंसा नगर पालिका प्रशासन

सर्वे के बाद 200 से अधिक हितग्राही पट्टे के लिए अपात्र
2 min read
Feb 22, 2018
Nagarpalika administration trapped here
Nagarpalika administration trapped here

शहडोल. नगर के तालाब व अन्य शासकीय भूमि पर पिछले कई दशक से झुग्गी झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को पीएम आवास का प्रमाण पत्र जारी कर दिया। जिसके बाद उन्हे पीएम आवास निर्माण के लिये किश्त भी जारी कर दी गई। हाल ही में एसडीएम द्वारा मुख्यमंत्री आश्रय योजना के तहत कराए गए सर्वे के बाद नगर के लगभग 200 से भी अधिक हितग्राहियों को पट्टे के लिये अपात्र घोषित कर दिया है। जिसमें से ज्यादातर ऐसे हितग्राही हैं जिनका पीएम आवास स्वीकृत हो चुका है। किश्त जारी होने के साथ ही उन्होने अपनी झुग्गी झोपड़ी की जगह आवास निर्माण भी प्रारंभ कर दिया है। अब जब एसडीएम द्वारा इन्हे पट्टे के लिये अपात्र घोषित कर दिया है तो इनका पीएम आवास बन भी जाता है तो आज नही तो कल इन्हे फिर से यहां से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। जिसके चलते इन हितग्राहियों की मुश्किलें कम होने की वजाय और बढ़ती जा रही है।
कई लोगो को मिल चुका है पट्टा
तालाब किनारे व शासकीय भूमि पर झुग्गी झोपड़ी बनाकर रहने वाले कई परिवार पट्टे से फिर वंचित हो गए हैं। जबकि वह इसके लिए लंबे अर्से से संघर्ष कर रहे थे। एक उम्मीद जागी थी कि पीएम आवास स्वीकृत हो गए हैं तो अब पट्टा भी मिल जाएगा लेकिन उस उम्मीद पर पानी फिर गया है। जबकि वहीं आस-पास रह रहे कई परिवारों को पूर्व में राजीव आवास योजना के तहत पट्टा मिल चुका है। जिसके चलते अब यह हितग्राही अपने आप को छला सा महसूस कर रहे हैं।
नपा भी मुश्किल में
इस सर्वे के बाद नगर पालिका प्रशासन की भी सांसे फूलनी शुरु हो गई है। दरासल परिषद की बैठक के बाद तत्कालीन कलेक्टर के अनुमोदन के पश्चात हितग्राहियों को पीएम आवास का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। साथ ही एक दो किश्त भी जारी कर दी गई। किश्त जारी होते ही हितग्राहियों ने अपना घरौंदा बनाना शुरु कर दिया। अब जब सर्व के बाद पट्टा के लिये एसडीएम द्वारा कई हितग्राहियों को अपात्र कर दिया तो नपा प्रशासन को भी कुछ नही सुझ रहा है कि आखिर अब वह क्या करे। नपा प्रशासन भी गेंद जिला प्रशासन के पाले में डालने की जुगत में है।
इनका कहना है
जिन हितग्राहियों को पट्टे के लिये अपात्र किया गया है उन्हे दूसरी जगह पीएम आवास के लिये जगह दी जाएंगी। वहीं जिन्होने पीएम आवास का कार्य प्रारंभ कर दिया है उनके लिए वरिष्ठ अधिकारी जैया मार्गदर्शन देंगे उसके आधार पर कार्य किया जाएगा।
विद्या शंकर चतुर्वेदी, सीएमओ नपा शहडोल।

Published on:
22 Feb 2018 08:44 am